फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore News: 15 अगस्त और वीकेंड पर बाहर जाने का है प्लान? पढ़ लें यह जरूरी बातें...

Fri, 14 Aug 2026 01:40 PM IST
Arjun Richhariya न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

Indore News: स्वतंत्रता दिवस और वीकेंड की छुट्टियों के अवसर पर इंदौर तथा इसके आसपास के प्रमुख पर्यटक स्थलों जैसे पातालपानी, मांडू, तिंचा फॉल, जानापाव और गुलावट में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। सभी बातें ध्यान में रखकर घूमने की योजना बनाएं।
विज्ञापन
1 of 4
पातालपानी - फोटो : amar ujala
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और शनिवार-रविवार की छुट्टियों के चलते इस बार इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में दो दिनों के लंबे वीकेंड का माहौल बन रहा है। मानसून के इस सुहावने मौसम में मालवा और निमाड़ की वादियां हरी-भरी हो उठी हैं। अनुमान है कि इन दो-तीन दिनों में इंदौर शहर और आसपास के इलाकों से लाखों पर्यटक प्राकृतिक झरनों, पहाड़ियों और ऐतिहासिक स्थलों का रुख करेंगे। यदि आप भी परिवार या दोस्तों के साथ शहर के शोर-शराबे से दूर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो रवानगी से पहले दूरी, मनोरंजन के साधन, ट्रैफिक स्थिति और सुरक्षा संबंधी नियमों की पूरी जानकारी जरूर जांच लें। कई जगह भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। वहीं पुलिस ने कई पर्यटन स्थलों पर प्रतिबंधित जगहों पर जाने पर सख्त नियम बना रखे हैं। प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान झरनों, नदी-नालों और घाटियों में जलस्तर अचानक बढ़ने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। इन्हें तोड़ने पर कानूनी सजा का प्रावधान है। इंदौर के ट्रैवलर्स का कहना है कि यदि आप घूमने जाना चाहते हैं तो पूरी योजना बनाकर निकलें वरना आप परेशान भी हो सकते हैं। 

इन रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम की संभावना, सुबह जल्दी निकलें
ट्रैवलर ज्ञानदीप श्रीवास्तव बताते हैं कि छुट्टियों के कारण शहर से बाहर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों और पर्यटकों की गाड़ियों का दबाव रहेगा। सुबह 6:00 से 7:30 बजे के बीच इंदौर से निकलना सबसे बेहतर रहेगा। शाम को लौटते समय तेजाजी नगर और महू बायपास पर ट्रैफिक जाम रहने की संभावना है।
1. इंदौर-खंडवा रोड (तिंचा फॉल व चोरल मार्ग): बायपास से तेजाजी नगर और बाईग्राम के पास वाहनों की लंबी कतारें लग सकती हैं। सड़क चौड़ीकरण कार्य के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक धीमी गति से चलेगा।
2. महू-पातालपानी मार्ग: महू शहर से पातालपानी की ओर जाने वाले संकरे रास्तों पर शनिवार और स्वतंत्रता दिवस के दिन जाम की स्थिति बन सकती है।
3. इंदौर-धार-अहमदाबाद हाईवे (मांडू मार्ग): बेटमा और घाटाबिल्लोद के आसपास पर्यटकों के वाहनों के कारण ट्रैफिक का दबाव अधिक रहेगा।

सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, प्रशासन की सख्त गाइडलाइन
बरसात के मौसम में पानी के अचानक तेज बहाव और हादसों को रोकने के लिए पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। झरनों के डेंजर जोन के पास पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। तय सीमा से आगे जाना दंडनीय अपराध होगा। ऊपरी इलाकों में तेज बारिश होने पर झरनों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, इसलिए बहते पानी या रपटों को पार न करें। पिकनिक स्थलों पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

पातालपानी (Patalpani)
इंदौर से 35 किमी दूर स्थित यह 300 फीट ऊंचा झरना लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। यहां पर हेरिटेज ट्रेन का नजारा इसे और भी खास बना देता है। फोटोग्राफी, ट्रेकिंग के लिए यह स्थान खासा लोकप्रिय है। भुट्टे का लुत्फ उठाते हुए यहां पर बारिश का आनंद लिया जा सकता है। 
विज्ञापन

2 of 4
मांडू - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क
मांडू (Mandu)
इंदौर से लगभग 100 किमी दूर यह स्थल जहाज महल, रानी रूपमती महल जैसी कई ऐतिहासिक धरोहरों के लिए खास पहचान रखता है। मानसून में यहां का वैली व्यू लोगों को दूर दूर से यहां पर खींचकर ले आता है।  
विज्ञापन

3 of 4
जानापाव - फोटो : amar ujala
जानापाव (Janapav)
इंदौर से 45 किमी दूर भगवान परशुराम की यह जन्मस्थली पर्यटन के साथ ही विशेष धार्मिक महत्व के लिए पहचान रखती है। यहां का हिल-टॉप व्यू, ट्रैकिंग और आध्यात्मिक शांति इसे खास महत्व का स्थान बनाते हैं। 
विज्ञापन

4 of 4
indore - फोटो : amar ujala
महेश्वर व ओंकारेश्वर (Maheshwar and Omkareshwar)
इंदौर से 80–90 किमी दूर नर्मदा के यह घाट धार्मिक स्थल की वजह से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। यहां पर नौकायन, किले का भ्रमण, अहिल्या घाट का नजारा, धार्मिक दर्शन आकर्षण का मुख्य केंद्र हैं। 

गुलावट लोटस वैली (Gulawat lotus valley)
इंदौर से 30 किमी दूर कमल के फूलों की झील फोटोग्राफर्स की पसंदीदा जगह है। युवाओं के लिए भी यह स्थान खास महत्व रखता है। नवदंपति यहां पर शादी के फोटोशूट करवाने के लिए आते हैं। बांस के घने जंगल, सेल्फ-ड्राइव नौकायन, बर्ड वाचिंग यहां पर आकर्षण का मुख्य केंद्र हैं। 

तिंचा फॉल (Tincha Falls)
इंदौर से 25 किमी दूर यह प्राकृतिक झरना, ट्रेकिंग ट्रेल के रूप में पहचान रखता है। यहां के विहंगम प्राकृतिक दृश्य और रास्ते में मिलने वाला लोकल स्ट्रीट फूड लोगों को बहुत पसंद आता है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें