पुरुषों के साथ महिला पहलवान भी दमदार चुनौती दे रही हैं। दृश्य है इंदौर के छोटा नेहरू स्टेडियम स्थित कुश्ती एरिना का और आयोजन है अखिल भारतीय इंदौर महापौर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता। इसमें देशभर के पहलवान भाग ले रहे हैं और हर दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। रविवार को अंतिम दिन सभी वर्गों में फाइनल मुकाबले खेले गए। महिला वर्ग में दिल्ली की दिव्या काकरान विजेता बनीं। अंतिम मुकाबलों के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहलवानों का हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचे।
रविवार देर रात तक चलते रहे फाइनल मुकाबले
सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी महापौर सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस स्पर्धा में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। देर रात तक मुकाबले चलते रहे और शहरवासियों को रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। आयोजन में कुल 454 महिला एवं पुरुष पहलवानों ने भाग लिया, जिनमें कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के पहलवान शामिल थे।
ये रहे आकर्षण का केंद्र
महिला पहलवानों में वर्ल्ड जूनियर चैंपियन ज्योति, एशियन जूनियर चैंपियन आरजू, सीनियर गोल्ड मेडलिस्ट दिशा मलिक, भारत केसरी और हरियाणा केसरी मुस्कान मलिक, अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिव्या काकरान तथा म.प्र. की चर्चित पहलवान कुक्की मिस्त्री और राष्ट्रीय पहलवान संजना राठौर विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पुरुष वर्ग में भारतीय नौसेना के अंतरराष्ट्रीय पहलवान पुष्पेंद्र, अंतरराष्ट्रीय पहलवान रौनक दहिया, भारत केसरी परवेज सहित कई नामी पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
खचाखच भरा रहा स्टेडियम
रविवार को भी फाइनल मुकाबलों का शुभारंभ रंगारंग कार्यक्रम, आतिशबाजी और बजरंग बली की पूजा के साथ किया गया। पूरा स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था और दर्शकों ने पहलवानों के शानदार प्रदर्शन का भरपूर आनंद लिया। पहलवानों का हौसला बढ़ाने पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर और मालवा निमाड़ की धरती से विश्व में पहचान बनाने वाले पहलवान निकले हैं। सरकार और प्रशासन खेलों को उन्नत करके युवाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
विजेता पहलवान
अखिल भारतीय महिला पहलवान कुश्ती विजेता
दिव्या काकरण
अखिल भारतीय पुरुष कुश्ती
पुष्पेंद्र सिंह विजेता को 3 लाख
उपविजेता रजत को 2 लाख पुरस्कार
मध्य प्रदेश महिला कुश्ती में प्रथम स्थान शिवानी शर्मा ग्वालियर
36 KG में प्रथम महिला पहलवान अपेक्षा बैंस,
40 किलोग्राम में प्रथम महिला पहलवान दिशा सन्यास,
45 किलोग्राम में प्रथम स्थान अनुबाला सोलंकी,
50 किलोग्राम में प्रथम महिला पहलवान प्रियांशी कौशल,
55 किलोग्राम में महिला पहलवान आराधना कृपा शंकर,
75 किलोग्राम में पुरुष पहलवान में विजेता शिवम यादव
75 ग्राम में पुलिस पहलवान में उपविजेता ललित कौशल