फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore: मेट्रो बनी पार्टी ट्रेन! इंदौर में महिलाओं ने चलती ट्रेन में मनाई किटी पार्टी, डांस-गेम्स से गूंजा सफर

Sun, 24 May 2026 06:57 AM IST
Arjun Richhariya न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

इंदौर मेट्रो में महिलाओं की अनोखी किटी पार्टी चर्चा का विषय बन गई। “हाउस ऑफ क्वींस” समूह की 48 महिलाओं ने गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर स्टेशन-3 तक मेट्रो में सफर करते हुए “मॉम्स इन मेट्रो” थीम पर किटी पार्टी आयोजित की।
विज्ञापन
चलती मेट्रो में महिलाओं ने जमाई महफिल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर में शनिवार को एक बेहद अनोखा और अलग तरह का सामाजिक आयोजन देखने को मिला। यहां महिलाओं के एक बड़े समूह ने चलती मेट्रो ट्रेन के भीतर ही किटी पार्टी का आयोजन किया। गांधी नगर स्टेशन से लेकर सुपर कॉरिडोर स्टेशन-3 के बीच चल रही मेट्रो ट्रेन में कुल 48 महिलाओं ने एक साथ सफर किया। इस दौरान महिलाओं ने मनोरंजन, मधुर संगीत और विभिन्न खेलों के साथ बेहद खास और खुशनुमा अंदाज में समय बिताया।
विज्ञापन


“मॉम्स इन मेट्रो” थीम पर हुआ आयोजन

सुखलिया क्षेत्र के दीनदयाल नगर की महिलाओं के एक सक्रिय समूह ने इस पूरे आयोजन को किया। इस समूह का नाम “हाउस ऑफ क्वींस” है। महिलाओं ने इस कार्यक्रम को “मॉम्स इन मेट्रो” थीम पर आयोजित किया था। इस खास सफर के लिए मेट्रो कोच को रंग-बिरंगे गुब्बारों से बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। यात्रा के दौरान सभी महिलाओं ने अलग-अलग मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे सफर में संगीत, खेल और हंसी-मजाक का माहौल बना रहा।

घर से लाया खाना, सफर में किया साझा

महिलाएं अपने घरों से पैक किया हुआ भोजन भी साथ लेकर आई थीं। सफर का आनंद लेते हुए सभी ने एक-दूसरे के साथ खाना साझा किया। मेट्रो के अंदर यह आयोजन यात्रियों और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा।
विज्ञापन


निजी आयोजनों के लिए बढ़ रही मेट्रो की मांग

इंदौर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मुताबिक, मेट्रो कोच को निजी आयोजनों के लिए बुक कराने में लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। निगम को इस तरह की बुकिंग को लेकर हर दिन 10 से 15 पूछताछ और आवेदन मिल रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग बच्चों के जन्मदिन समारोह, महिलाओं की किटी पार्टी और शादी से पहले होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट जैसे आयोजनों के लिए सामने आ रही है।

अधूरे काम को जल्द पूरा करने की मांग

दूसरी ओर, शहर के कुछ प्रबुद्ध नागरिकों ने मेट्रो के सीमित संचालन और अब तक पूरी तरह व्यावसायिक सेवा शुरू नहीं होने को लेकर सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि इंदौर मेट्रो शहर का एक बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट रहा है, जिसका सपना शहरवासियों को करीब दो दशक पहले दिखाया गया था। अब जाकर इसका संचालन शुरू हुआ है, लेकिन अभी भी इसके कई हिस्सों का काम अधूरा पड़ा है, जिसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

रेडिसन चौराहे तक संचालन शुरू होने का इंतजार

कुछ नागरिकों का कहना है कि प्रधानमंत्री लगातार सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील करते हैं, लेकिन इसके बावजूद इंदौर मेट्रो का व्यावसायिक संचालन अभी तक रेडिसन चौराहे जैसे प्रमुख मार्गों तक शुरू नहीं हो पाया है। इस देरी की वजह से बड़ी संख्या में आम यात्रियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। शहर की जनता अब इंदौर मेट्रो के नियमित और पूर्ण सार्वजनिक परिवहन सेवा के रूप में शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें