इंदौर नगर निगम का बजट पेश होने के बाद उस पर बहस के लिए शुक्रवार को हुआ सम्मेलन हंगामे और शोरगुल की भेंट चढ़ गया। कांग्रेस पार्षदों ने बालेश्वर बावड़ी हादसे में आरोपियों के बरी होने पर निगम परिषद को घेरा। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि इंदौर के सबसे बड़े हादसे में 36 लोगों की जान गई। उसमें अफसरों को बचाने के लिए केस जानबूझकर कमजोर किया गया। आरोपी भी इस केस में बरी हो गए। इस मुद्दे पर देर तक पार्षदों ने हंगामा किया।
सदन में लगे शिवाजी के नारे
कांग्रेस पार्षद रुबीना खान ने कहा कि भाजपा की सरकार हमारे मामले में ही क्यो टांग फंसाती है। कभी तीन तलाक, कभी वक्फ की जमीन। उन्होंने औरंगजेब का जिक्र भी छेड़ा। इसके बाद भाजपा पार्षदों ने जय श्रीराम, जय शिवाजी के नारे सदन में लगाए।
भाजपा परिषद कई मुद्दों पर विफल
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बजट पर बहस शुरू की। उन्होंने कहा कि निगम परिषद कई मुद्दों पर विफल हुई है। श्वानों की संख्या रोकने और शहर को भिक्षुक मुक्त करने की जिम्मेदारी नगर निगम की है, लेकिन वह प्रशासन चला रहा है। निगम की दूरदृष्टी सोच नहीं बची। लोक परिवहन को बढ़ावा देने के बजाय बीआरटीएस को तोड़ने का फैसला लिया गया।
बजट सम्मेलन के दौरान पार्षद रुबीना खान ने कहा कि उन्हें नमाज पढ़ना है। अन्य मुस्लिम पार्षद भी है। इसलिए थोड़ी देर के लिए अवकाश दिया जाए। इसके बाद सभापति ने 45 मिनिट का भोजन अवकाश दिया। इस बीच मुस्लिम पार्षदों ने नमाज भी पढ़ ली।
अवैध काॅलोनियां कट रही है
पार्षद राजू भदौरिया ने शहर में अवैध काॅलोनियां कटने का मुद्दा उठाया। उन्होंने दो नंबर विधानसभा क्षेत्र में अवैध काॅलोनी कटने की जानकारी सदन में दी और अफसरों पर लापरवाह करने के आरोप लगाए।