Indore News: बाणगंगा मेनरोड पर अवैध अहाते में निगम टीम ने छापामार कार्रवाई की। डिस्पोजल और प्लास्टिक के उपयोग पर हंगामा हुआ, जिसके बाद अधिकारियों ने अहाते पर तालाबंदी कर दी। बाद में 20 हजार रुपए जुर्माना लेकर खुलवा भी दिया।
बाणगंगा मेनरोड पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे अहाते पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए तालाबंदी कर दी। यहां पर डिस्पोजल और प्लास्टिक का भी धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा था। निगम की टीम के पहुंचते ही विवाद खड़ा हो गया और काफी हंगामे के बाद इसे सील किया गया। हालांकि बाद में नगर निगम ने 20 हजार रुपए जुर्माना लेकर फिर से अहाता खुलवा दिया।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
वार्ड क्रमांक 10 में शराब दुकान के पास बने अहाते को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे। इस संबंध में शिकायतें महापौर से लेकर निगम कमिश्नर तक पहुंच चुकी थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। बताया जा रहा है कि महापौर के आदेश पर ही टीम यहां कार्रवाई करने के लिए पहुंची थी।
विज्ञापन
गंदगी और प्लास्टिक के उपयोग पर मिली आपत्ति
निगम की टीम कल शाम जब मौके पर पहुंची तो अहाते के अंदर गंदगी फैली हुई थी और बड़ी मात्रा में डिस्पोजल का उपयोग हो रहा था। अधिकारियों ने वहां मौजूद कुछ लोगों को फटकार लगाई तो वे भड़क गए और बहस करने लगे। निगम अधिकारियों ने स्पॉट फाइन की बात कही, जिस पर वहां हंगामा खड़ा हो गया। हंगामे के बीच निगम अधिकारियों ने मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया। इसके बाद सीएसआई भारत करोसिया के निर्देश पर अहाते पर तत्काल तालाबंदी कर दी गई।
रहवासी कर रहे प्रदर्शन
ज्ञात हो कि शहर की कई वाइन शॉप्स के आसपास अवैध रूप से अहाते संचालित किए जा रहे हैं। जबकि कुछ वर्ष पहले शासन की नीति के तहत इन्हें बंद कर दिया गया था। बावजूद इसके आबकारी और पुलिस विभाग की सांठगांठ से कई जगहों पर ये बेखौफ तरीके से चालू हैं। रहवासियों की शिकायत के बाद ही इन पर एक्शन हो रहा है। पिछले एक साल के अंदर अलग अलग रहवासी क्षेत्रों में कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं।