इंदौर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पति का दूसरी महिला से अफेयर था। पत्नी इस बात पर आपत्ति लेती थी। आए दिन इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होते थे। बुधवार रात पति ने भारी वस्तु से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। काम से लौटकर जब बेटा घर पहुंचा तो हत्या का पता चला। इसके बाद पति फरार हो गया।
घटना निरंजनपुर क्षेत्र की है। यहां रहने वाली संगीता चौहान का शव पुलिस ने बरामद किया। उसके सिर से खून बह रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि भारी वस्तु से महिला के सिर पर वार किया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
हत्या के बाद पति घर से फरार है। एक बेटे ने बताया कि मां और पिता रमेश चौहान के बीच अक्सर एक महिला को लेकर विवाद होता था। पिता उससे अक्सर मिलने जाते थे और मां इस बात पर आपत्ति लेती थी। संभवत: इसी कारण पिता ने हत्या की होगी। फिलहाल पुलिस रमेश चौहान की तलाश कर रही है। उसके गिरफ्तार होने के बाद ही हत्या की असली वजह पता चलेगी।
बेटा घर पहुंचा तो भागा पिता
मृतका का बेटा आकाश नौकरी करने जाता है। वह बुधवार रात घर लौटा तो संगीता रसोई में फर्श पर थी और सिर से खून बह रहा था। बेटे ने घर में बैठे पिता से कारण पूछा तो कुछ नहीं बताया। इसके बाद अस्पताल ले जाने के लिए कहा तो पिता घर से भाग गया। बेटे आकाश ने संगीता को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रमेश ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। पड़ोसियों ने बताया कि शाम के समय दोनों के बीच कहासूनी हो रही थी। इसकी आवाजें भी आ रही थी।