शासकीय होलकर साइंस कॉलेज में प्राचार्य के लेटरहेड के दुरुपयोग का तीन हफ्तों के भीतर यह दूसरा मामला सामने आया है। इस बार बीएससी (फोरेंसिक साइंस) के एक छात्र पर प्राचार्य के नाम का फर्जी लेटरहेड इस्तेमाल करने का आरोप है।
यह भी पढ़ें...
Indore News: इंदौर में भावांतर योजना में मिली लापरवाही, मौके पर नहीं मिला अफसर निलंबित
प्राचार्य के नाम पर मांगा व्यक्तिगत डेटा
चौंकाने वाली बात यह है कि छात्र ने प्राचार्य के फर्जी लेटरहेड का उपयोग करके एक गूगल फॉर्म बनाया और उसे छात्रों के ही सोशल मीडिया ग्रुप पर भेज दिया। इस फॉर्म में छात्र ने अन्य छात्रों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी (पर्सनल जानकारी) भरने को कहा। साथ ही, यह भी लिखा कि यह फॉर्म प्राचार्य के निर्देश पर भरना अनिवार्य है।
कॉलेज प्रशासन सख्त, अनुशासन समिति करेगी फैसला
जैसे ही अन्य छात्रों के माध्यम से यह जानकारी प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन तक पहुँची, उन्होंने तुरंत आरोपी छात्र को तलब किया। जब छात्र से पूछा गया कि उसने यह फर्जी फॉर्म क्यों बनाया, तो उसने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। उसने केवल इतना कहा कि वह कुछ छात्रों को ग्रुप से बाहर करना चाहता था। कॉलेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इसे तत्काल अनुशासन समिति को सौंप दिया है। मंगलवार को समिति की बैठक में इस मामले पर कोई निर्णय लिया जाएगा और छात्र को भी अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब कॉलेज में ऐसा हुआ हो। इसी महीने अक्टूबर में, दो छात्रों ने टेस्ट रुकवाने के मकसद से प्राचार्य के निधन की झूठी खबर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। इस मुद्दे पर भी जमकर बवाल मचा था। बाद में अनुशासन समिति की बैठक में निर्णय लेते हुए बीसीए के उन दोनों छात्रों को निलंबित कर दिया गया था।
छात्रों को समझाने के लिए बनेगी विशेष टीम
लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए कॉलेज प्रशासन अब एक विशेष टीम का गठन करेगा, जिसमें प्रोफेसरों के साथ कुछ चुनिंदा छात्र भी शामिल होंगे। यह टीम सभी कक्षाओं में जाकर छात्रों को समझाएगी कि वे अपना ध्यान पढ़ाई, स्पोर्ट्स एक्टिविटी, लाइब्रेरी और लैब में लगाएं। टीम यह भी चेतावनी देगी कि यदि भविष्य में किसी ने भी प्राचार्य या किसी HOD के नाम से फर्जी लेटरहेड का दुरुपयोग किया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।