इंदौर में पिछले तीन दिनों से मौसम साफ बना हुआ था, लेकिन शुक्रवार सुबह अचानक कई क्षेत्रों में रिमझिम तो कहीं हल्की बारिश शुरू हो गई। दोपहर में एक घंटे तेज बारिश हुई और शाम को भी आधे घंटे तेज पानी गिरा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अभी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में चार-पांच दिनों तक तेज बारिश के आसार नहीं हैं।
विज्ञापन
दस सितंबर तक तेज बारिश की संभावना नहीं
सीनियर मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव के अनुसार, प्रदेश से एक मानसून ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिसके कारण 10 सितंबर तक तेज बारिश की संभावना नहीं है। लोकल सिस्टम के कारण प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है।
कहीं धूप कहीं छांव
शुक्रवार को धूप-छांव जैसा मौसम रहा और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई। इसके पूर्व बुधवार को दिन का तापमान 27.8 (-2) डिग्री और रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था। इस दौरान दिनभर बारिश नहीं हुई थी। गुरुवार को दिन का तापमान 2 डिग्री बढ़कर 29.6 (0) और रात का तापमान 23.9 (+3) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीती रात का तापमान औसत से 3 डिग्री ज्यादा रहा। शुक्रवार को दिन का तापमान 29.4 और रात का तापमान 23.9 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले चार दिनों तक तेज बारिश के आसार नहीं हैं। लोगों को धूप-छांव जैसा मौसम देखने को मिलेगा और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ कुछ देर के लिए हल्की बारिश हो सकती है।