परदेशीपुरा स्थित द्रादश गेन्देशवर महादेव ज्योतिर्लिंग शिव मंदिर का दृश्य
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर में सुबह से ही होली का उत्साह देखते बन रहा है। सुबह 7 बजे से ही बच्चे रंग खेल रहे हैं और युवा अपने-अपने घरों से निकलकर शहर के होटलों और गार्डनों में आयोजित होली डीजे पार्टी में शामिल हो रहे हैं। राजवाड़ा, मल्हारगंज क्षेत्र, जूनी इंदौर सहित मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों में होली का जोश और उल्लास सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। इंदौर में होली के मुकाबले रंगपंचमी का त्योहार अधिक धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में अलग-अलग भव्य जुलूस निकाले जा रहे हैं, जिनमें सैकड़ों लोग शामिल हो रहे हैं। राजवाड़ा, 56 दुकान जैसे लोकप्रिय स्थानों पर दो दृश्य देखते ही बन रहा है।
कलेक्टर आशीष सिंह के बंगले पर भी है आयोजन
इंदौर में आज कलेक्टर आशीष सिंह के बंगले पर भी होली का खास आयोजन किया गया है। बताया जा रहा है कि कलेक्टर के बंगले पर रंग-गुलाल के अलावा रंगों से भरी अलग-अलग कोठियों का भी पूरा इंतजाम कर लिया गया है। इधर, कॉलोनियों में बच्चों ने सुबह 7 बजे से ही अपनी छतों पर इकट्ठा होकर राहगीरों पर रंगों से भरे गुब्बारे फेंकने शुरू कर दिए हैं। इंदौर की अधिकतर टाउनशिप और कई कॉलोनियों में सामूहिक रूप से होली खेलने की तैयारी सुबह 9 बजे से की गई है। बताया जा रहा है कि आज इंदौर में कई सोशल ग्रुप पूरे शहर में रंग-गुलाल उड़ाने के लिए भी निकलेंगे।
होली मिलन समारोह, चल समारोह और रैलियों की धूम
होली के अवसर पर आज इंदौर में रंगारंग उत्सव देखने को मिलेगा। शहर की 100 से अधिक कॉलोनियों में होली मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए इंदौर के आसपास के रिसॉर्ट्स में पहले से ही एडवांस बुकिंग की जा चुकी है। वहीं, इंदौर की टाउनशिप में फाग उत्सव और होली मिलन के लिए क्लब हाउसों में भी तैयारी पूरी हो चुकी है। इन सबके अलावा, शहर में विभिन्न स्थानों पर चल समारोह भी निकाले जा रहे हैं, जिनमें लोग पारंपरिक अंदाज में होली खेलते हुए नजर आएंगे।
पर्यटन स्थलों पर भी जुट रही भीड़
इंदौर के ट्रैवल एजेंट्स से मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर के कई ग्रुप होली सेलिब्रेशन के लिए शहर के आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी गए हैं। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा इंदौर के ग्रुप महेश्वर, ओंकारेश्वर, चोरल, तीक्षा फॉल, हनुवंतिया और पातालपानी गए हैं। इन स्थानों पर रिसॉर्ट्स और होटलों में एडवांस बुकिंग पहले ही इंदौर से कराई जा चुकी है।