इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने एक भ्रष्ट इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ा है। वह तालाब का बिल जारी करने के लिए दस हजार रुपये की रिश्वत एक पंचायत सचिव से ले रहा था। इंजीनियर झाबुआ जिले की राणापुर तहसील में जनपद पंचायत उपयंत्री है।
राणापुर में पदस्थ देवेंद्र सिंह ठाकुर इंदौर के प्रजापत नगर में रहता है। वह शनिवार को उस समय लोकायुक्त के बिछाए जाल में फंस गया, जब वह एक सरकारी कर्मचारी से ही दस हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। घूसखोर इंजीनियर जब रिश्वत ले रहा था तो उसने कहा कि आजकल लोकायुक्त बहुत एक्टिव है। कोई देख तो नहीं रहा। चुपचाप पैसे दो और निकल जाओ। इतना कहकर उसने जैसे ही पैसे जेब में डाले, लोकायुक्त पुलिस ने उसे ट्रैप कर लिया।
मामला तालाब निर्माण की राशि का बिल जारी करने का है। वह पंचायत सचिव कल्याण सिंह से दस हजार रुपये की घूस मांग रहा था। पंचायत सचिव ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की थी। गुरुवार शाम को जब पंचायत सचिव रिश्वत के रंग लगे नोट देने पहुंचा तो उपयंत्री बोला- देखना आजकल लोकायुक्त पुलिस बहुत सक्रिय है। तुम तो कहीं शिकायत करते नहीं आ गए। आसपास कोई देख तो नहीं रहा। हाथ मिलाने के बहाने चुपचाप पैसे दे दो। पंचायत सचिव ने जैसे ही नोट दिए, उपयंत्री ठाकुर ने वह पेंट की जेब में रख लिए। लोकायुक्त डीएसपी दिनेश पटेल ने उसे कुछ समय बाद पकड़ लिया।