इंदौर के छत्रीपुरा क्षेत्र में स्थित एक होटल के बाहर से गुजरात के एक व्यापारी का ड्राइवर करोड़ों रुपए का सोना लेकर फरार हो गया। यह वारदात करीब 12 दिन पहले हुई थी, लेकिन मंगलवार को क्राइम ब्रांच ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात शहर सहित आसपास के इलाकों में पुलिस ने आरोपी की तलाश में छापे भी मारे।
यह भी पढ़ें...
Indore News: पहाड़, झरने और मैगी का मजा सिर्फ 20 रुपए में, 26 जुलाई से शुरू होगी हेरिटेज ट्रेन
अहमदाबाद के व्यापारी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
गुजरात के अहमदाबाद निवासी व्यापारी धर्मेंद्र भाई ने इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका ड्राइवर मसरू रबारी है। यह गुजरात के बनासकांठा जिले का निवासी है। 4 किलो 800 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया है। धर्मेंद्र की अहमदाबाद में अंकित गोल्ड ज्वेलरी नाम से दुकान है। चोरी हुए सोने की कीमत लगभग 4 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।
जेवर दिखाने आए थे इंदौर
व्यापारी ने बताया कि 8 जुलाई को उनके कर्मचारी सौरभ ने ड्राइवर मसरू रबारी के साथ कार से जेवर लेकर अहमदाबाद से इंदौर के लिए यात्रा शुरू की थी। सौरभ ने लुनावाड़ा और संतरामपुर में कुछ व्यापारियों को सोना दिखाया और फिर झाबुआ होते हुए देर शाम इंदौर पहुंचे। गंगवाल बस स्टैंड के पास स्थित होटल शिवानी में रुकने का निर्णय लिया। कीमती सामान के चलते ड्राइवर को कार के पास रुकने को कहा, जबकि सौरभ शेविंग कराने गया था। लौटकर आया तो ड्राइवर और सोना दोनों गायब थे। ड्राइवर का मोबाइल भी बंद मिला।
12 दिन बाद केस दर्ज, फुटेज के आधार पर तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही सौरभ ने व्यापारी धर्मेंद्र भाई को सूचित किया। व्यापारी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। करीब 12 दिनों तक अपने स्तर पर तलाश करने के बाद आखिरकार व्यापारी ने क्राइम ब्रांच की शरण ली और मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर आरोपी ड्राइवर मसरू रबारी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम होटल के सीसीटीवी फुटेज और ड्राइवर की तस्वीरों के आधार पर उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।