Indore News: इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से कॉलेज छात्रा श्रद्धा तिवारी रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा एमआर-10 क्षेत्र की ओर जाती दिखी है।
एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा शनिवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गई। छात्रा का नाम श्रद्धा तिवारी है। घटना 23 अगस्त की बताई जा रही है। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोबाइल घर पर छोड़कर निकली
जानकारी के अनुसार, श्रद्धा अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर निकली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिजनों द्वारा डांट-फटकार लगाए जाने से वह नाराज थी और इसी नाराजगी में घर छोड़कर चली गई। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें वह लोटस कॉलोनी और एमआर-10 क्षेत्र की ओर जाती दिखाई दे रही है।
विज्ञापन
इंजीनियर युवक पर शक
परिजनों ने शक जताया है कि श्रद्धा एक इंजीनियर युवक सार्थक के संपर्क में थी और हो सकता है कि वह उसके साथ गई हो। इस आधार पर पुलिस ने सार्थक को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि पिछले 15 दिनों से दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी।
सहेली ने खोला राज
पुलिस ने छात्रा की सहेली से भी पूछताछ की। सहेली ने बताया कि कुछ दिन पहले श्रद्धा ने आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद परिजनों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी कारण वह मानसिक रूप से आहत थी और घर छोड़कर चली गई।
सोशल मीडिया पर अफवाहें
छात्रा के लापता होने के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहें भी फैलने लगीं। कुछ पोस्ट में इसे अर्चना तिवारी के मामले से जोड़कर रहस्यमय ढंग से गायब होने की बात कही गई। हालांकि, पुलिस ने इन पोस्ट को भ्रामक बताया है।
पुलिस की जांच जारी
जांच अधिकारी का कहना है कि फिलहाल मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।