कुछ हिस्सों में हटी बीआरटीएस की रैलिंग।
- फोटो : अमर उजाला
11 किलोमीटर लंबे बीआरटीएस को हटाने का काम भले ही शुरू नहीं हो पाया है, लेकिन उसे चौड़ा करने के टेंडर भी नगर निगम ने जारी कर दिए है। पहले चरण में राजीव गांधी चौराहा से इंदिरा गांधी चौराह तक बीआरटीएस चौड़ा किया जाएगा। इसके टेंडर भी सोमवार को जारी कर दिए है। पूरा मार्ग तीन हिस्सों में चौड़ा होगा। उसके निर्माण पर 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बीआरटीएस लेन की चौड़ाई बढ़ाने के लिए बस रैलिंग हटाई जाएगी और नए सिरे से डिवाडर बनाए जाएंगे।
इससे जुड़ी खबर पढ़ें: इंदौर का बीआरटीएस हट नहीं पाया, लोग खुद बस लेन में ले जाने लगे वाहन
बीआरटीएस तोड़ने का ठेका भी मंजूर हो चुका है। बस रैलिंग हटाने के बाद ही लेन को चौड़ा करने का काम शुरू हो जाएगा। बीआरटीएस बनाते समय बस लेन की सड़क की ऊंचाई दूसरी लेन की तुलना में ज्यादा रखी थी। अब नगर निगम को नए सिरे से उसे भी समतल करना होगा।
जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर ने कहा कि चौड़ीकरण का काम तीन हिस्सों में अलग-अलग ठेकेदारों को दिया जा रहा है, ताकि उसे समय पर किया जा सके। अगले माह से यह काम शुरू हो जाएगा। सालभर में बीआरटीएस सड़क चौड़ी हो पाएगी और यह मिक्स ट्रैफिक के लिए रहेगी। उस लेन से ही बसें भी गुजरेगी।
यह नए काम होंगे बीआरटीएस पर
बीआरटीएस के चौराहे पर सिग्नल की जगह बदली जाएगी। पहले बस लेन के हिसाब से सिग्नल लगाए गए थे। अब उन्हें बीच में लगाया जाएगा। मार्ग की कुल चौड़ाई के हिसाब से सेंट्रल लाइन तय कर वहां डिवाइडर बनाए जाएंगे। इसके अलावा मध्य हिस्से में बने बस स्टाॅप भी उखाड़े जाएंगे। उनके स्थान पर नए बस स्टाॅप सड़क के किनारों पर बनाए जाएंगे।