रैली में बड़ी संख्या में नेता शामिल हुए।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर इंदौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा ने जहां 'स्वदेशी पैदल मार्च' निकालकर आत्मनिर्भरता और स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं कांग्रेस ने सर्वधर्म सभा का आयोजन कर गांधीजी के सिद्धांतों को याद किया।
भाजपा का स्वदेशी पैदल मार्च और स्वच्छता का संकल्प
भाजपा द्वारा आयोजित 'स्वदेशी पैदल मार्च' की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री प्रतिमा स्थल से हुई और इसका समापन रीगल टॉकीज चौराहे पर स्थित गांधी प्रतिमा पर हुआ। इस मार्च में मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला और महेंद्र हार्डिया समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और देश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग व स्वच्छता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा, "यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े का समापन कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गांधीजी के स्वच्छता और स्वदेशी के सपनों को देशभर में साकार किया गया है। 'मेक इन इंडिया' अभियान और सेना को स्वदेशी हथियारों से लैस कर 'जय जवान, जय किसान' के नारे को भी सार्थक किया गया है।"
यह भी पढ़ें...
Indore News: अमीरों की लिस्ट में बड़ा उलटफेर, इंदौर के इन कारोबारियों ने चौंकाया
सेवा पखवाड़े का समापन
भाजपा ने पिछले 15 दिनों से चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत रक्तदान, स्वच्छता अभियान और स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार-प्रसार जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए थे, जिनका समापन इस पैदल मार्च के साथ हुआ।
कांग्रेस ने किया सर्वधर्म सभा का आयोजन
वहीं दूसरी ओर, शहर कांग्रेस कमेटी ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर एक सर्वधर्म सभा का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के विचारों और सिद्धांतों का स्मरण किया और समाज में आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।