इंदौर के विजय नगर इलाके में नगर निगम की लापरवाही से हुए गैस पाइपलाइन विस्फोट में 3 लोग गंभीर रूप से जल गए हैं। इन तीनों में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गिरि राजकुमारी उर्फ जिनी झाला भी शामिल हैं, जो सोशल मीडिया पर खासी लोकप्रिय हैं। जलने वाले लोगों को इलाज करवाने के लिए मदद की जरूरत है और अब इस मामले में इंदौर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपना लिया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि जलने वाले लोगों का इलाज सरकार को ही करवाना होगा। गौरतलब है कि विजय नगर के सुमन नगर में वाटर रिचार्जिंग के लिए नगर निगम की टीम बोरिंग करवा रही थी। बोरिंग के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइप लाइन फट गई और आग लगकर धमाका हो गया। इसमें कई लोग जल गए, जिनमें से 3 गंभीर हैं।
जिनी को ठीक होने में लगेंगे 4 महीने
हादसे में 20 से 25 प्रतिशत तक झुलसी जिनी फिलहाल बॉम्बे हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती हैं। उनके बाएं हाथ की सर्जरी हो चुकी है, जबकि डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने में तीन से चार महीने लग सकते हैं। आईसीयू से जारी वीडियो संदेश में जिनी ने बताया कि अगर उस वक्त उन्होंने हिम्मत नहीं दिखाई होती तो शायद उनकी जान बचाना मुश्किल हो जाता।