इंदौर मेें सूर्य को अर्घ्य दिया गया।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में वर्ष गुड़ी पड़वा पर्व धूमधाम से मनाया गया। घर-घर श्रीखंड व अन्य पकवान बनाए गए। वही वर्ष संवत्सर के शुभ अवसर पर लोगों ने नए वाहन व अन्य वस्तुएं भी खूब खरीदी। इंदौर के खजराना मंदिर में नए वाहनों के पूजन के लिए भीड़ लगी हुई थी। शहर में अनेक जगह आयोजन भी हुए।
सुबह शहर के सामाजिक संगठन, मराठीभाषी परिवार पारंपरिक परिधानों के साथ राजवाड़ा पर पहुंचे। यहां सुबह सूर्य को अर्ध्य दिया गया। इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैैलाश विजयवर्गीय,शंकर लालवानी, मेयर पुष्यमित्र भार्गव के अलावा इंदौर के संत भी शामिल हुए। इस दौरान राजवाड़ा पर गुड़ी भी बांधी गई। राजवाड़ा पर होलकरकाल के समय गुड़ी बांधी जाती थी और आयोजन होते थे।
उसी परंपरा को मंगलवार को निभाया गया। गुड़ी बांधने के अलावा होलकर स्टेट का नया ध्वज भी राजवाड़ा की आठवीं मंजिल पर फहराया गया। उधर चैत्र नवरात्र शुरू होने के कारण मंगलवार सुबह देवी मंदिरों में भीड़ जुटी रही। इंदौर के खजराना, रणजीत हनुमान व अन्य मंदिरों में आम दिनों से ज्यादा भीड़ नजर आई।महाराष्ट्रीयन समाज ने वैशाली नगर में सामूहिक रुप से पर्व मनाया। सुनील धर्माधिकारी ने बताया कि घरों में रंगोली सजाई गई और सांस्कृतिक आयोजन हुए।
खूब हुई खरीददारी
नववर्ष के मौके पर इंदौर के बाजारों में रौनक रही। सबसे ज्यादा दोपहिया व चारपहिया वाहन बिके। खजराना मंदिर में गाड़ी का पूजन कराने वालों की भीड़ जुटी। पूजारी अशोक भट्ट ने बताया कि दशहरे, दीपावली के अलावा सबसे ज्यादा पूजन के लिए वाहन गुड़ी पड़वा पर्व पर आते है। सुबह से शाम तक हजारों वाहनों की पूजा की गई। बड़ा गणपति चौराहा पर भी शंख ध्वनि के साथ सूर्य को अर्घ्य दिया गया।