सीबीएसई के 10वीं और 12वीं के परिणाम आए हैं। ह्यूमैनिटीज में इंदौर की अनन्या शर्मा को 99.2% मार्क्स प्राप्त हुए हैं। वह स्टेट टॉपर बनी हैं। वह खुद का बिजनेस चलाती हैं और परीक्षा के समय भी उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी नहीं बनाई। अमर उजाला ने उनसे बात की और जाना कि किस तरह से उन्होंने पढ़ाई की और उनकी भविष्य की क्या योजनाएं हैं।
1. आपके सक्सेस मंत्र क्या हैं?
मैंने तीन बातों पर फोकस किया। पहला है कंसिस्टेंसी। क्योंकि मैंने कभी ज्यादा घंटे पढ़ने पर ध्यान नहीं दिया। तीन से चार घंटे पढ़ती थी लेकिन रोज पढ़ती थी। दूसरी बात मेरा मानना है कि आपको अपना 100% देना चाहिए। क्योंकि आप यदि अपना 100% नहीं दोगे तो परिणाम नहीं आएंगे। तीसरा है बिलीव इन योरसेल्फ। क्योंकि अगर आपके अंदर कॉन्फिडेंस नहीं है तो एग्जाम तक भी आप आपके दिमाग में वही चलता रहता है कि मैं यह नहीं कर पाई वह नहीं कर पाई।
2. भविष्य में क्या करना चाहती हैं आप?
मैंने सोचा है क्लैट एग्जाम देने का जो कि लॉ एंट्रेंस टेस्ट होता है। मुझे लॉयर बनना है।
3. सोशल मीडिया के दौर में स्टडी पर फोकस करना कितना मुश्किल है?
सब बोलते हैं कि जब एग्जाम्स हों तो बच्चों को मोबाइल छोड़ देना चाहिए। पर मैंने कुछ भी नहीं छोड़ा था। एग्जाम तक भी मैं Instagram चलाती रही और स्नेप चैट चलाती रही। आपको खुद को पता होना चाहिए कि आपको क्या करना है। आज आपकी प्राथमिकता क्या है, बस उसी चीज पर मैंने फोकस किया कि मुझे अभी पढ़ाई करनी है। ये जो कंट्रोल होता है ये हमारे माइंड में होता है। कब हमें किस चीज को उपयोग करना है और कब स्टॉप करना है।
4. आपके लिए आदर्श कौन हैं, जिनके जैसा आप बनना चाहती हैं?
मेरे लिए तो मेरी मां ही आदर्श हैं। मैंने उन्हें हमेशा बहुत मजबूत देखा है। उन्हें पता है कि उन्हें कैसे अपने लिए खड़ा होना है।
5. जिन बच्चों का रिजल्ट अच्छा नहीं आता उन्हें क्या कहना चाहेंगी?
नंबर आपके जीवन की सफलता को तय नहीं करते। वह सिर्फ नंबर हैं। अभी तो पूरी लाइफ है। बहुत सारे ऐसे मौके आएंगे जहां पर वो अपने को साबित कर सकते हैं।
6. एजुकेशन सिस्टम को लेकर आप क्या सुझाव देना चाहेंगी?
अभी तो काफी एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज पर फोकस किया जाता है। हां, एक चीज है कि बहुत ज्यादा थ्यरेटिकल है हमारी एजुकेशन। मुझे लगता है ज्यादा प्रैक्टिकल होनी चाहिए क्योंकि कोर्स इतना सारा होता है। बच्चों को बहुत सारा याद करने का बहुत ज्यादा प्रेशर होता है।
7. जब पढ़ाई से बोर हो जाती हैं तो क्या करती हैं?
जब भी मुझे ऐसा लगता था तो मैं मां के पास जाती थी। वह मुझे थोड़ा बाहर घुमाने ले जाती थी। आइसक्रीम खिला देती थी तो ऐसा रिफ्रेश हो जाता था।
8. हॉबीज क्या हैं आपकी?
मुझे आर्ट एंड क्राफ्ट बहुत ज्यादा पसंद है। मेरा एक छोटा बिजनेस भी है Instagram पर अनन्या आर्टिस्ट्री के नाम से। मैं क्ले मिनिएचर्स बनाती हूं और राखी बनाती हूं। मैंने पीएम मोदी को भी एक राखी भेजी थी। तो मुझे लेटर ऑफ अप्रिसिएशन मिला था उनसे।