फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore News: बायपास पर 24 घंटे में दो बडे़ हादसे, दो की मौत, सांसद ने लिखा पत्र

Wed, 08 Oct 2025 11:55 AM IST
अर्जुन रिछारिया अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर

सार

Indore News: शिप्रा के पास एक ट्रक ने बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें पति की मौत हो गई और पत्नी व दो बच्चे गंभीर हैं। सोमवार को बायपास पर एक सड़क हादसे में एक स्कूल शिक्षिका की भी मौत हो गई थी।
विज्ञापन
1 of 2
बायपास पर उड़ती धूल और गड्ढे - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को शिप्रा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई और परिवार के 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं, एक दिन पहले ही देवास बायपास पर एक शिक्षिका की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई थी। इन घटनाओं ने शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें...
Indore: जानलेवा कफ सिरप- इंदौर की रिटेल-होलसेल दुकानों पर मारे छापे,सिरप के सैंपल लिए
विज्ञापन
विज्ञापन

2 of 2
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जप्त किया। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
गुरुजी के दर्शन कर लौटते वक्त हुआ हादसा
हादसा शिप्रा थाना क्षेत्र के अर्जुन बड़ौद गांव के पास हुआ। 32 वर्षीय अंकित देवड़ा अपनी पत्नी रूपाली, तीन वर्षीय बेटे गोरांश और बेटी हशिंका के साथ बाइक पर सवार होकर काकड़ गांव में आयोजित गुरुजी टेकचंद महाराज के समाधि उत्सव से लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ़्तार ट्रक (क्रमांक MP09 GH 3057) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

कई फीट तक घिसटती चली गई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और कई फीट तक घिसटती चली गई। इस दौरान बाइक सवार पति-पत्नी और दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के काफी देर बाद तक न एम्बुलेंस पहुंची और न ही पुलिस, जिसके कारण घायल सड़क पर ही दर्द से तड़पते रहे। बाद में 112 वाहन की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान पति ने तोड़ा दम
हादसे के बाद चारों घायलों को देवास के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां अंकित की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान अंकित ने दम तोड़ दिया। अंकित किराना सामान की होलसेल मार्केटिंग का काम करता था और परिवार में एकमात्र कमाने वाला था। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

शिक्षिका की सड़क हादसे में मौत
इससे पहले सोमवार को इंदौर-देवास बायपास पर रालामंडल के पास एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नजदीक एक तेज रफ्तार वाहन ने एक्टिवा सवार स्कूल शिक्षिका को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में मूसाखेड़ी स्थित स्कूल से घर लौट रहीं कल्पना जायसवाल (49) की मौके पर ही मौत हो गई। कल्पना जायसवाल भाजपा के ज्योतिबा फुले मंडल में पदाधिकारी भी थीं। तेजाजी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

सांसद ने लिया संज्ञान
इन बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह को पत्र लिखा है। उन्होंने इन मामलों में दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें