इंदौर में मल्हार माल के पास टावर 61 बिल्डिंग में आग लग गई। आग इतनी भीषण है कि दूर से ही लपटें नजर आ रही हैं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने का काम कर रही है। फायर ब्रिगेड ने आसपास की बिल्डिंगों को भी खाली करवा लिया है। बताया जा रहा है कि आग टावर 61 बिल्डिंग में टाप फ्लोर पर मौजूद एक कैफे में लगी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी में रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट से आग लगने की बात सामने आ रही है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। बिल्डिंग में 50 से अधिक आफिस, कई बड़े रेस्टोरेंट, बार और कैफे थे। यह सभी जलकर पूरी तरह से खाक हो गए हैं।
आग बढ़ती जा रही
आग बढ़ती जा रही है क्योंकि टाप फ्लोर तक पानी नहीं जा पा रहा है। आग ने नीचे के कुछ फ्लोर भी चपेट में ले लिए हैं। सीढ़ियों पर और अन्य रास्तों पर धुआं भरा है और पानी को ऊपर तक पहुंचाने का कोई रास्ता फायर ब्रिगेड को नहीं मिल रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम मशीनों से पानी को ऊपरी मंजिल तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
सामने वाली बिल्डिंग में भी आग लगी
टावर 61 की सामने वाली पट्टी में बिल्डिंग सफायर ट्विंस में भी आग लग गई है, हालांकि यहां किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग के कारण एबी रोड पर जाम की स्थिति बन गई। दोनों तरफ सड़क पर वाहनों की लाइन लग गई। पहले C21 मॉल से पाइप लाकर आग बुझाने की कोशिश की गई लेकिन बिल्डिंग के टॉप फ्लोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गई। बिल्डिंग में नीचे बंधन बैंक है। आग के कारण लोटस चौराहे से विजय नगर की तरफ जाना वाला ट्रैफिक बंद हो गया है। ट्रैफिक पुलिस को खासी मशक्कत करना पड़ रही है।
प्रेशर पंप से बिल्डिंग के ऊपर तक पानी पहुंचाया गया।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
रविवार होने से टला बड़ा हादसा
रविवार होने की वजह से यहां पर बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि अभी पुलिस ने नुकसान या किसी के घायल होने की जानकारी नहीं दी है लेकिन रविवार की वजह से बिल्डिंग के सभी कार्यालय बंद थे।
जांच अभियान चलाएंगे
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने कहा इंदौर में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। फायर सेफ्टी विषय पर प्रशासन के साथ बैठक की जाएगी। इंदौर की बिल्डिंगों की जांच भी की जाएगी। यहां पर आग बुझाने के पर्याप्त साधनों को भी जांचा जाएगा।