शहर के बायपास पर फीनिक्स सिटाडेल मॉल के पास झालरिया में शुरू होने वाले 'एयर डाइन' (हवा में रेस्टोरेंट) को फिलहाल नगर निगम से झटका लगा है। 1 नवंबर से शुरू होने वाली इस एडवेंचर डाइनिंग की योजना पर निगम ने अनुमति देने से इंकार कर दिया है। कंपनी द्वारा लाइसेंस के लिए प्रस्तुत किए गए आवेदन को निरस्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें...
Madhya Pradesh Foundation Day: सफाई ही नहीं स्वच्छ हवा में भी झंडे गाड़ रहे प्रदेश के जिले, इंदौर के साथ भोपाल
क्या है पूरा मामला?
यह रेस्टोरेंट जमीन से 160 फीट की ऊंचाई पर क्रेन की मदद से चलाया जाना था। पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम पर इसकी रील भी खूब वायरल हो रही थीं, जिसमें इतनी ऊंचाई पर बैठकर भोजन करने के रोमांच और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी जा रही थी। सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को इसके खुलने की जानकारी मिल चुकी थी।
निगम ने किया लाइसेंस आवेदन निरस्त
गुरुवार को कंपनी ने रेस्टोरेंट के लाइसेंस के लिए इंदौर नगर निगम में आवेदन प्रस्तुत किया। निगम के अधिकारियों ने इस पर विचार करने के बाद आवेदन को खारिज कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पानी के अंदर या हवा में होने वाली किसी भी गतिविधि के लिए पहले जिला प्रशासन की अनुमति लेना आवश्यक है। निगम ने कंपनी से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लाने को कहा है, जिसके बाद ही लाइसेंस पर विचार किया जाएगा।
क्या है 'फ्लाई डाइनिंग'?
फ्लाई डाइनिंग एक अनूठा कॉन्सेप्ट है, जिसमें एक पूरे डाइनिंग प्लेटफॉर्म को क्रेन की मदद से हवा में ऊपर उठाया जाता है। यह चारों ओर से खुला होता है, जिससे मेहमानों को शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। इसमें मेहमानों को गर्म खाना परोसने के साथ-साथ लाइव म्यूजिक और फोटोग्राफी की सुविधा भी दी जाती है।
कंपनी ने इंदौर को क्यों चुना?
फ्लाई डाइनिंग कंपनी के राहुल शर्मा के अनुसार, उन्होंने मध्य प्रदेश में ग्वालियर, भोपाल, सिवनी और उज्जैन जैसे कई शहरों में ड्रोन से सर्वे किया था। उनका कहना है कि जो व्यू इंदौर में मिला, वैसा कहीं नहीं मिला। शर्मा ने कहा, "इंदौर फूड कैपिटल भी है और यहां के लोग कुछ नया चाहते हैं, इसीलिए हमने इसे यहां शुरू करने का फैसला किया।"