बैठक में लिए गए कई जरूरी निर्णय
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इंदौर के प्रसिद्ध श्री खजराना गणेश मंदिर में दस दिवसीय गणेश महोत्सव 27 अगस्त, गणेश चतुर्थी के दिन से प्रारंभ होगा और अनंत चतुर्दशी को सम्पन्न होगा। महोत्सव के दौरान मंदिर को फूलों और विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप में सजाया जाएगा। भगवान श्री गणेश का प्रतिदिन स्वर्ण आभूषणों आदि से विशेष श्रृंगार किया जाएगा और एक लाख 51 हजार मोदकों का भोग अर्पित किया जाएगा, जिसे बाद में श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। साथ ही, अन्न क्षेत्र में दस दिनों तक भक्तों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
भजन-संध्या, झांकियां और भक्तिमय आयोजन
महोत्सव की अवधि में मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिनमें से तीन दिन प्रमुख भजन गायकों की प्रस्तुतियां रहेंगी। समापन के दिन अनंत चतुर्दशी पर भगवान श्री गणेश और विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित नयनाभिराम झांकी निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं के दर्शन को सहज बनाने हेतु चार बड़ी एलईडी स्क्रीनों की भी व्यवस्था की जाएगी ताकि अधिकाधिक लोग दर्शन का लाभ ले सकें।
तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश
महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में मंदिर प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम आयुक्त शिवम वर्मा अपर कलेक्टर निशा डामोर संबंधित विभागों के अधिकारी, मंदिर के पुजारीगण और भक्त मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं। साथ ही मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग को एकांगी किया जाएगा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
ऑनलाइन पूजन की सुविधा और आगामी नवदुर्गा उत्सव
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में ऑनलाइन पूजन एवं अभिषेक की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए मोबाइल ऐप और पोर्टल विकसित किए जाएंगे और इस हेतु इच्छुक संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक नवदुर्गा उत्सव भी परंपरागत ढंग से आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।