इंदौर से नई दिल्ली के लिए अब एक और ट्रेन चलने लगी है।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर से नई दिल्ली के लिए अब एक और ट्रेन चलने लगी है। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। ये सुपरफास्ट ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से लोगों को सफर में आसानी होगी।
बुधवार को इंदौर स्टेशन से नई दिल्ली के लिए एक नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ इंदौर सांसद शंकर लालवानी द्वारा किया गया। इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक आकाश कैलाश विजयवर्गीय ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि गाड़ी संख्या 20957/20958 इंदौर-नई दिल्ली-इंदौर त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में सप्ताह में तीन दिन चलेगी।
इस ट्रेन में एक फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, आठ स्लीपर एवं तीन सामान्य श्रेणी कोच रहेंगे।
- फोटो : सोशल मीडिया
गाडी संख्या 20957 इंदौर-नई दिल्ली त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस इंदौर से प्रति बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को चलेगी। इसी प्रकार वापसी में 20958 नई दिल्ली-इंदौर त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रति गुरूवार, शनिवार एवं सोमवार को चलेगी। इस ट्रेन में एक फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, आठ स्लीपर एवं तीन सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे।
ट्रेन का दोनों तरफ बड़नगर, रतलाम, नागदा, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा में स्टॉपेज रहेगा। इंदौर से यह ट्रेन शाम पौन पांच बजे निकलकर सुबह पांच बजकर पांच मिनट पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहीं नई दिल्ली से यह ट्रेन शाम सवा सात बजे चलेगी। जो अगली सुबह छह बजकर 45 मिनट पर इंदौर पहुंचेगी।