प्लेन में भी यात्राएं कर चुके है विधायक डोडियार।
- फोटो : amar ujala digital
खुद को मजदूर बताने वाले और झोपड़ी में रहने का दावा करने वाले सैलाना विधायक कमलेश डोडियार इन दिनों सुर्खियों में हैं। इसकी वजह है उनकी बाइक यात्रा। कमलेश कार का इंतजाम नहीं कर पाए और 300 किलोमीटर का सफर तय कर बाइक से भोपाल पहुंचे थे। हालांकि, अब उनके प्लेन यात्रा और विजयी जुलूस में 70 से ज्यादा कारों के काफिले की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं। कमलेश के विरोधियों का कहना है कि खुद को गरीब और मजदूर बताना उनकी राजनीति का हिस्सा है। कमलेश दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू ) से पढ़े हैं और दो बार सरकारी नौकरी के आफर ठुकरा चुके हैं।
सैलाना से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश डोडियार उस वक्त चर्चा में आए थे, जब वे विधायक चुने जाने के बाद भोपाल तक बाइक से पहुंचे। इसकी वजह उन्होंने यह बताई थी कि उनके पास कार नहीं है और समय पर साथियों ने भी कार नहीं दी, इसलिए वे बाइक से ही भोपाल चले गए। दरअसल, कमलेश इतने भी गरीब नहीं है जिनता वे खुद को बताते हैं। वे दिल्ली और बंगाल की यात्राएं हवाई जहाज से कर चुके हैं। कमलेश जेएनयू दिल्ली के छात्र रहे हैं और वहां से उन्होंने एलएलबी की डिग्री ली है।
प्लाट और खेत भी है कमलेश के पास
कमलेश खुद को गरीब बताते हैं और यह भी प्रचारित करते हैं कि वे झोपड़ी में रहते हैं, लेकिन उनके पास एक प्लाॅट भी है। जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है। इसके अलावा उनके पास 0.310 हेक्टेयर कृषि भूमि भी है। कमलेश के पास 27 ग्राम की सोने की चेन भी है। चुनाव के समय दिए गए हलफनामे में इसका जिक्र उन्होंने किया था। कमलेश के बैंक खाते में पांच लाख रुपये और पत्नी के खाते में 2 लाख रुपये जमा हैं, हालांकि, चुनाव के लिए लिया गया 12 लाख का कर्ज उन्होंने समाज के आर्थिक सहयोग से चुकाया है।
मित्र और ससुर ने कराए थे प्लेन के टिकट
कमलेश ने प्लेन से सफर करने के मामले में कहा है कि एक बार दिल्ली में कोर्ट प्रकरण में जल्दी जाना था, तब मित्र डाॅ. आनंद राय ने टिकट कराया था। इसके अलावा एक बार तिरुपति बालाजी जाने के लिए प्लेन में यात्रा की थी। उसका टिकट मेरे ससुर ने कराया। विजयी जुलूस में 70 से अधिक वाहन जुटाने वाले कमलेश के पास भोपाल जाने के लिए वाहन की व्यवस्था क्यों नहीं हो पाई? इस सवाल के जवाब में वे कहते हैं कि मुझे जल्दी भोपाल जाना था, तब दोस्त कार नहीं दे पाए थे, इसलिए मैं बाइक से गया था।