इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र के नया बसेरा में 11वीं के छात्र उदय का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। इंस्टाग्राम पर उदासी भरी पोस्ट और सीसीटीवी में पिता के संदिग्ध रूप से बाहर निकलने के बाद पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित नया बसेरा इलाके में रविवार देर शाम 11वीं कक्षा के छात्र उदय खोकरे का शव घर के बिस्तर पर मिला। छात्र के गले में फंदा बंधा हुआ था। मामले में घटनास्थल की परिस्थितियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने छात्र के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गले में फंदा मिलने से मामला संदिग्ध
रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे उदय की बड़ी बहन काम से घर लौटीं तो दरवाजा अटका हुआ था। कमरे में अंदर जाने पर उन्होंने उदय को बिस्तर पर अचेत पाया। गले में फंदा देखकर उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। एमआईजी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मर्ग कायम किया।
पढ़ाई की बात कहकर घर पर रुका था छात्र
परिजनों के अनुसार उदय चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। रविवार शाम उसकी बड़ी बहन ने उसे बाहर जाने को कहा था, लेकिन दो दिन बाद टेस्ट होने के कारण वह पढ़ाई करने के लिए घर पर ही रुक गया था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे।
विज्ञापन
सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच
उदय के दोस्तों ने पुलिस को जानकारी दी है कि वह पिछले दो दिनों से इंस्टाग्राम पर उदास करने वाले संदेश और स्टोरी शेयर कर रहा था। पुलिस इस आधार पर आत्महत्या के पहलू से भी मामले की पड़ताल कर रही है।
पिता सीसीटीवी फुटेज में दिखे, हिरासत में लिया
घर का दरवाजा केवल अटका होने और रस्सी कटी मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर उदय के पिता घर से बाहर निकलते दिखाई दिए। हिरासत में पूछताछ के दौरान पिता ने बताया कि उन्होंने बेटे को फंदे पर लटका देखकर चाकू से रस्सी काटी, उसे बिस्तर पर लिटाया और फिर वहां से चले गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के गले पर फांसी के निशान हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिता अत्यधिक नशा करते हैं और उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।