इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र में 74 साल पहले बना मल्हारगंज थाना गुरुवार को जमींदोज हो गया। इसके अलावा थाना परिसर में बरसों से छाया दे रहा एक पेड़ भी तोड़ दिया गया है। इस हिस्से में मेट्रो का रेलवे स्टेशन बनना है। इस कारण थाना शिफ्ट किया गया।
थाने के भवन को हटाने के लिए सुबह नगर निगम की रिमूवल गैंग पहुंची। बुलड़ोजर से निर्माण को तोड़ने का काम शुरू हो गया। दो घंटे में थाने का 70 साल पुराना भवन मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। अब नया मल्हारगंज पुलिस थाना जिंसी क्षेत्र में संचालित हो रहा है। यहाँ थाने की नई बिल्डिंग बनाई गई है। पुराने थाने पर जब्तशुदा वाहनों अौर क्राइम रिकॉर्ड भी नए थाने पर पहुंचा दिए गए हैं।
छोटा गणपति और मल्हारगंज क्षेत्र में भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए पाइलिंग (पिलर बनाने के लिए की जाने वाली खुदाई और कंक्रीट का काम) का काम तेजी से चल रहा है। यहाँ पर छोटा गणपति अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के लिए कुल 268 पिलरों की पाइलिंग होनी है।
पाइलिंग मशीनों से होने वाले तेज शोर और कंपन के कारण स्थानीय रहवासियों ने लगातार विरोध प्रदर्शन किया है और चिंता भी जताई है। सुरंग के लिए टीबीएम ने काम शुरू कर दिया है। यह मशीन एयरपोर्ट के पास 18 मीटर गहरे शाफ्ट में टीबीएम नर्मदा धीरे-धीरे सुरंग बनाती हुई बड़ा गणपति की ओर बढ़ रही है। एयरपोर्ट रोड से मल्हारगंज क्षेत्र के अंडरग्राउंड हिस्से को सबसे पहले जोड़ा जाएगा। स्टेशन के लिए कुछ मकान भी तीन माह पहले हटाए गए थे।