पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय इंदौर के प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की जप्त संपत्ति का आंकड़ा 13 करोड़ रुपए से अधिक पहुंच चुका है। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक अभी कई बैंकों से जानकारी मांगी है। इसके अलावा शेयर बाजार और जमीनों में निवेश के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिरोज की जप्त संपत्ति का आंकड़ा इससे भी अधिक बढ़ सकता है।
बुधवार को सुबह से लेकर देर रात तक फिरोज खान के विभिन्न ठिकानों पर लोकायुक्त की टीम द्वारा लगातार छापेमारी की कार्रवाई की गई। गुरुवार को भी लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीमों ने फिरोज से जुड़े दस्तावेज इकट्ठे किए। बुधवार को अलग-अलग टीमों ने देवास के आदर्श नगर में स्थित फिरोज के घर सहित कुल 14 अन्य अलग-अलग स्थानों पर एक साथ सर्च अभियान चलाया गया।
आरटीओ और अन्य विभागों से मांगी जानकारी
लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामलों की गहन जांच के तहत की जा रही है। इंदौर और उज्जैन के विभिन्न आवासों एवं ठिकानों पर सर्च कार्यवाही की गई थी। विवेचना के दौरान आरटीओ एवं अन्य विभागों से जानकारी के लिए पत्र भेजे गए गए हैं। पीटीसी इंदौर एवं अन्य वरिष्ठ कार्यालयों को उक्त अपराध पंजीयन के संबंध में सूचना भेज दी गई है।
शेयर बाजार से भी निकाल रहे जानकारी, बैंक खाते सील किए
राजेश सहाय ने बताया कि आरोपी द्वारा शेयर मार्केट, म्युचुअल फंड आदि में निवेश की जानकारी संबंधित संस्थाओं से प्राप्त करने के लिए पत्र लेख किए गए हैं। आरोपी के बैंक खातों से आहरण पर रोक लगाने के लिए बैंकों को पत्र प्रेषित किए जा चुके है तथा बैंक खातों में अंतिम शेष राशि की जानकारी भी चाही गई है।
22 बैंक खाते मिले, 17 खातों में 10 लाख रुपए
अभी तक ज्ञात 22 बैंक खातों की जानकारी प्राप्त करने हेतु पत्र बैंको को प्रेषित किए हैं, जिसमें से 17 बैंक खातों अंतिम शेष के रूप में कुल 10,06,382/- रुपये जमा पाए गए हैं। शेष 05 बैंक खातों की भी जानकारी प्राप्त की जा रही है। जांच पर कोई लॉकर होना अभी तक नहीं पाया गया है। विवेचना जारी है।
13 करोड़ से अधिक की संपत्ति मिल चुकी
सर्च कार्यवाही के पश्चात् विवेचना के दौरान अभी तक की जांच में लगभग 13,07,82,867/-रुपये का व्यय चल/अचल सम्पत्ति पर किया जाना पाया गया है, जो आय की तुलना में 575 प्रतिशत अनुपातहीन है।