फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंदौरः मंदिर तोड़ने आए बुलडोजर रुके, भारी पुलिस बल के बीच अधिकारियों को लौटना पड़ा

Mon, 23 Nov 2026 03:34 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में चल रही कार्रवाई उस समय थम गई जब जेसीबी और बुलडोर मंदिर हटाने के लिए पहुंचे। 30 घरों को तोड़ने के बाद मंदिर पर पहुंची टीम को रुकना पड़ा। अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा। 
विज्ञापन
मंदिर बचाने के लिए सड़कों पर उतरे लोग। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह से घरों को तोड़ने की कार्रवाई चल रही है। कोर्ट के आदेश पर 62 मकानों को हटाया जा रहा है। इन मकानों की रजिस्ट्री है और अधिकांश पर बैंक लोन भी है। 30 घरों को तोड़ने के बाद जब यहां पर स्थित मंदिर को हटाया जा रहा था तब लोगों ने भारी विरोध कर दिया। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि मंदिर के आसपास के घरों को तोड़ रही 2 जेसीबी खराब हो गई जिसके बाद काम रोक दिया गया। इस दौरान लोग एकजुट हो गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद एसडीएम घनश्याम धनगर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्हें बढ़ते विरोध को देखते हुए वापस लौटना पड़ा। दोपहर तक भारी पुलिस बल मंदिर के आसपास मौजूद रहा लेकिन मंदिर हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं की जा सकी। 
विज्ञापन


दूर-दूर से मन्नतें मांगने आते हैं लोग
कृष्णबाग कॉलोनी में स्थित मां कालका माता मंदिर में लोग दूर-दूर से मन्नतें मांगने आते हैं। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि यह मंदिर आस्था का मुख्य केंद्र है। यहां पर भागवत कथा, नवरात्रि महोत्सव से लेकर सभी आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं। 

जनता ने सहयोग जुटाकर बनाया मंदिर
मंदिर को 25 वर्ष से अधिक प्राचीन बताया जा रहा है। पंडित धीरज त्रिपाठी ने बताया कि लगभग 25 साल पहले मंदिर का निर्माण किया गया था। मंदिर निर्माण के लिए जनसहयोग जुटाया गया। जनता ने जैसे-जैसे मदद की मंदिर बनता गया। लगभग 25 साल के दौरान यहां पर कभी भी किसी ने जमीन पर कोई दावा नहीं किया, न ही कोई मंदिर बनते वक्त जमीन से जुड़ा कोई मामला बताने आया। त्रिपाठी ने कहा कि जब मंदिर बन रहा था उस समय पर ही यह बात बताई जाना चाहिए थी।
विज्ञापन


क्या है विवाद
यह पूरी कार्रवाई ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर भूमि पर बने निर्माणों को हटाने के लिए की जा रही है। मंदिर के साथ में यहां पर बड़ी संख्या में रहवासियों के मकान और दुकानें भी हैं। इस जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। यह कानूनी लड़ाई तहसीलदार न्यायालय से शुरू होकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी है। कोर्ट के आदेश पर यहां 62 मकानों को हटाया जा रहा है और मंदिर भी उसी जमीन पर बना हुआ है। 

क्या बोले अधिकारी
यहां पर मकानों को हटाने की कार्रवाई संभाल रहे एसडीएम घनश्याम धनगर ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर ही पूरी कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद रहवासियों ने जब घरों और मंदिर को हटाने का विरोध किया तो एसडीएम ने उन्हें समझाने की कोशिश की। दोपहर बाद भीड़ उग्र होती गई तो एसडीएम मौके से चले गए। इसके बाद उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल और अधिकारियों ने कहा कि मंदिर को हटाने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें