जिले के शिप्रा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के विवाद के बाद तीन बच्चों को मिठाई में जहर दे दिया और खुद भी खा लिया। चारों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है।
आसपास के लोगों ने बताया कि महिला के आए दिन अपने पति से विवाद होता रहता था। गुरुवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पति घर से चला गया था। नाराज पत्नी ने अपने तीनों बेटों को पहले जहर दे दिया। आसपास के लोगों को जब जहर खाने की बात पता चली तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल चारों की हालत में सुधार है।
पुलिस के अनुसार यह घटना शिप्रा क्षेत्र में हुई। यहां रहने वाली अन्नू सिंह और उसके बेटे आकाश, राज व पवन को एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अफसर अस्पताल पहुंचे और महिला के बयान लिए। अन्नू ने स्वीकार किया कि उसने मिठाई में जहर मिलाकर तीनों बच्चों को दिया है और खुद भी जहर खा लिया। पुलिस को महिला ने बताया कि उसका पति जबर सिंह उससे विवाद करता है। बच्चों की स्कूल फीस भी नहीं भर पाता है और उनके खर्चे भी नहीं उठाता है। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर लड़ाई होती थी। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस को जबर सिंह नहीं मिला है। उसकी तलाश में भी छापे मारे गए हैं।