इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को सबवे, केएफसी, पिज्जा हट, डोमिनोज और ला पिनोज जैसे प्रमुख फूड आउटलेट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चूहों के अवशेष, मक्खियां, बासी सामग्री और कागजी कमियां पाई गईं, जिस पर नोटिस जारी किए गए।
इंदौर के प्रमुख फूड चेन और रेस्टोरेंट्स में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मंगलवार को अचानक निरीक्षण किया। इस जांच अभियान के दौरान शहर के कई जाने-माने खान-पान के ठिकानों पर भारी गड़बड़ियां पाई गईं। अधिकारियों ने पाया कि शहर के नामचीन आउटलेट्स में खाद्य सामग्री के रखरखाव, साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों के स्वास्थ्य व जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी गंभीर खामियां मौजूद थीं। इस मामले में विभाग की ओर से सख्त रुख अपनाते हुए सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस और सुधार करने की सूचना जारी की गई है।
विज्ञापन
Domino's पिज्जा में मक्खियां और चूहों के अवशेष
सपना संगीता रोड स्थित Domino's पिज्जा के डाइनिंग एरिया में जगह-जगह मक्खियां पाई गईं। सबसे अधिक गंभीर स्थिति पैकेजिंग सामग्री के भंडारण वाले स्थान पर दिखी, जहां चूहों के मल के अवशेष पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस जगह से पनीर और पिज्जा चीज स्प्रेड के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेज दिया है।
Subway में शाकाहारी और मांसाहारी खाना एक साथ
सपना संगीता रोड पर स्थिति Subway आउटलेट के निरीक्षण के दौरान एक बेहद गंभीर लापरवाही सामने आई। वहां रेफ्रिजरेटर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्रियों को एक साथ रखा गया था, जिससे क्रॉस-कंटेमिनेशन का खतरा बना हुआ था। इस स्थिति पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताते हुए आउटलेट प्रबंधन को तुरंत व्यवस्था में सुधार करने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
KFC में अधूरे दस्तावेज और खुले मिले कचरे के डिब्बे
फीनिक्स सिटाडेल मॉल स्थित KFC में जब टीम पहुंची तो वहां संचालन का नामित प्रभारी ही मौके से नदारद मिला। कच्ची और तैयार सामग्री की गुणवत्ता जांचने से जुड़े प्रमाण पत्र भी वहां उपलब्ध नहीं कराए जा सके। परिसर में कुछ कचरा डिब्बे खुले पड़े थे, जो स्वच्छता मानकों का खुला उल्लंघन है। इसके अलावा वहां कार्यरत कर्मचारियों के अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के रिकॉर्ड भी पूरी तरह से गायब मिले।
Pizza Hut की रसोई में मक्खियां और स्वास्थ्य रिकॉर्ड का अभाव
इसी मॉल के Pizza Hut आउटलेट में भी हालात चिंताजनक पाए गए। यहां कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के कागजात अधूरे मिले। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जहां ग्राहकों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था, उस रसोई क्षेत्र में मक्खियां भिनभिना रही थीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आउटलेट को साफ-सफाई के कड़े इंतजाम करने और सभी आवश्यक रिकॉर्ड तुरंत पूरे करने का कहा है।
La Pinoz Pizza में बासी सामग्री का इस्तेमाल
la pinoz pizza आउटलेट की जांच के दौरान भारी अनियमितता मिली। वहां इस्तेमाल हो रहे जैतून, जलापेनो और लाल शिमला मिर्च पर उपयोग की अंतिम तिथि 14 सितंबर अंकित थी, जबकि अधिकारियों की टीम 15 सितंबर को निरीक्षण कर रही थी। इसके अतिरिक्त पानी की शुद्धता जांच रिपोर्ट और कर्मियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं थे। विभाग ने वहां से पनीर और सॉस समेत चार अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लैब जांच के लिए जब्त किए हैं।
कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जांच के दौरान मिली सभी कमियों के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। विभाग ने सभी दोषी रेस्टोरेंट संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय में कमियों को दूर नहीं किया गया तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।