फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंदौरः नामी रेस्टोरेंट के खाने में मिला कॉकरोच, त्योहारों से पहले अलर्ट पर खाद्य विभाग, कई जगह छापे

Sat, 10 Oct 2026 06:20 AM IST
Arjun Richhariya न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने त्योहारों के मद्देनजर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध पंजीयन चल रही अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज में गुलाब जामुन मिक्स का निर्माण बंद कराया। विभिन्न रेस्टोरेंटों और गृह उद्योगों का निरीक्षण कर नमूने जांच हेतु भोपाल भेजे हैं।
विज्ञापन
खाद्य विभाग की टीम। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर के खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गुणवत्ता, स्वच्छता और आगामी त्योहारों को देखते हुए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खाद्य निर्माण इकाइयों, रेस्टोरेंटों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए गए तथा कई अनियमितताओं पर सख्त कदम उठाए गए।
विज्ञापन


अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज में अवैध निर्माण पर लगी रोक
उद्योग नगर, मूसाखेड़ी स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां बिना वैध खाद्य पंजीयन के गुलाब जामुन इंस्टेंट मिक्स का निर्माण और पैकिंग की जा रही थी। जांच में प्रतिष्ठान का पंजीयन समाप्त मिला और दिए गए पते में भी अंतर दर्ज किया गया। विभाग ने नियमानुसार गुलाब जामुन इंस्टेंट मिक्स के दो अलग-अलग ब्रांड के नमूने जांच के लिए भेजे और वैध पंजीयन प्राप्त होने तक निर्माण कार्य पूरी तरह से बंद करा दिया।

बस स्टैंड और नवलखा क्षेत्र के रेस्टोरेंटों पर शिकंजा
आगामी त्योहारों के मद्देनजर नवलखा और बस स्टैंड क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। शिवसागर भोजनालय और शिवसागर रेस्टोरेंट में रसोई का रखरखाव बेहद अव्यवस्थित पाया गया। मौके पर पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र अनुपलब्ध थे। जंग लगे बर्तन और टूटे चॉपिंग बोर्ड को तुरंत हटवाया गया तथा फर्श की मरम्मत के निर्देश दिए गए। शिवसागर रेस्टोरेंट से फ्लेक्सी क्रीम डिलाइट का नमूना लिया गया। ग्राहक की शिकायत पर टेबल पर कॉकरोच पाए जाने की जांच की गई और रेस्टोरेंट को प्रशिक्षित व्यक्ति से नियमानुसार पेस्ट कंट्रोल कराने का निर्देश दिया गया।
विज्ञापन


लोकेलाइट किचन में अनियमितता पर नोटिस
नरसिंह बाजार स्थित लोकेलाइट किचन प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण शिकायत के आधार पर प्रोपराइटर अनुष्का जैन की उपस्थिति में किया गया। वहां स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल मानकों की अनदेखी पाई गई, जिसके लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। मौके से पनीर, दाल, छोले और भटूरे के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।

मामाजी गृह उद्योग में मिली कमियां
मूसाखेड़ी स्थित मामाजी गृह उद्योग की कन्फेक्शनरी इकाई में जांच के दौरान प्रोपराइटर संतोष पाटीदार उपस्थित रहे। वहां साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। कच्चा सामान बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखा था और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र अनुपलब्ध थे। निर्माण क्षेत्र में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। यहां से लॉलीपॉप और काजू मलाई टॉफी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

चलित प्रयोगशाला से जागरूकता और प्रशिक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (MP02AV7408) के माध्यम से शीतला माता बाजार, लोकेलाइट किचन और नवलखा चौराहा स्थित शिवसागर रेस्टोरेंट में जागरूकता शिविर आयोजित किया। कारोबारियों और कर्मचारियों को हेड कैप, दस्ताने, एप्रन पहनने, पैकेजिंग-लेबलिंग जांचने, निर्माण व समाप्ति तिथि देखने तथा एफएसएसएआई मानकों का पालन करने का प्रशिक्षण दिया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान एकत्र किए गए सभी खाद्य नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें