कर्मचारी ने टाई से लगाई फांसी।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में एक सरकारी कर्मचारी ने टाई से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। फंदा लगाने से पहले उसने शादी का सूट पहना। लंबे समय से उसकी पत्नी से उसकी अनबन चल रही थी।
30 वर्षीय अनुराग धारसिया राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई में काम करता था और इंदौर कार्यालय में पदस्थ था। घटना गुरुवार रात की है। दिन में वह अपने ससुराल उज्जैन गया था। उसकी शिकायत उज्जैन के महिला थाने में की गई थी। वहां से वह विजय नगर स्थित अपने मकान में लौटा। वह काफी दुखी था। परिजनों से भी उसने ज्यादा बात नहीं की।
रात को अपने कमरे में गया। इसके बाद उसने शादी का सूट निकाला और टाई को फंदा बनाकर उस पर झूल गया। भाई जब उसके कमरे में गया तो फंदे पर लटका देखा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने जांच के लिए उसका मोबाइल जब्त किया है।
खुदकुशी के पहले लगाया था पत्नी को फोन
अनुराग ने फांसी लगाने से पहले अपनी पत्नी को फोन लगाया था। पत्नी तामश्री ने उसकी एक सहेली को फोन किया। इसके बाद अनुराग के परिजनों को जानकारी लगी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। भाई अजय कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसा तो अनुराग फांसी के फंदे पर लटक रहा था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी कॉलेज में प्रोफेसर
परिजनों ने बताया आए दिन पति और पत्नी के बीच विवाद होते थे। पत्नी तामश्री एक काॅलेज में प्रोफेसर है। चार साल पहले उनकी शादी हुई थी। दो साल पहले पत्नी अपने मायके रहने चली गई थी। पत्नी को फिर वापस लाने के लिए उसने एक कानूनी नोटिस ससुराल भेजा था। इसके बात पत्नी ने अनुराग की शिकायत उज्जैन के महिला थाने में कर दी थी। पत्नी के इस कदम से अनुराग दुखी हो गया था और उसने आत्महत्या कर ली।