रालामंडल में फिर से शुरू होगी डियर सफारी।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर के रालामंडल अभ्यारण में अब पर्यटन डियर सफारी का आनंद गोल्फकार्ट में बैठकर ले सकेंगे। यह सेवा पहले भी शुरू की गई थी, लेकिन नियमित नहीं रह पाती थी। वन विभाग ने इसके लिए हाल ही में टेंडर भी जारी किए है। प्रति यात्री इस वाहन में सवार होने के लिए 60 रुपये खर्च करना होंगे। इसमें से 30 रुपये वन विभाग को को मिलेंगे, जबकि 30 रुपये आपरेटर की जेंब में जाएंगे।। वन विभाग वाहन आपरेटरों से इसके लिए अनुबंध करेगा।
शहर के रालामंडल अभ्यारण में वन विभाग ने हिरण भी छोड़ रखे है। वे खुले बाडे में झुंड में घूमते रहते है। बाड़े में पर्यटकों के घूमने के लिए एक ट्रेक भी बना हुआ है। इसके अलावा आराम करने के लिए झोपडि़यां भी बनाई गई है।
मंगलवार को वन विभाग ने गोल्फ कार्ट वाहन के लिए टेंडर जारी किए है। पांच से आठ की संख्या में यह वाहन यहां पर्यटकों को सैर कराएंगे। कुछ वाहनों में छह यात्री सफर कर सकेंगे तो कुछ वाहनों में आठ से ज्यादा यात्री बैठ सकेंगे।
3 किलोमीटर की होगी डियर सफारी
रालमंडल के मैदानी हिस्से को डियर सफारी के रुप में विकसित किया गया है। गोल्फ कार्ट के जरिए तीन किलोमीटर तक यात्री घूम सकेंगे। पंद्रह से बीस मिनट तक पर्यटक डियर सफारी का आनंद ले सकेंगे। कई बार हिरण पर्यटकों के करीब भी आ जाते है या ट्रेक पर ही विचरण करते है। तब गाड़ी रुकवा कर पर्यटक उन्हें करीब से देख सकते है।