इंदौर के जिंसी चौराहे पर रविवार शाम को डंपर ने एक्टिवा सवार दंपति को रौंद दिया। दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों घायल डंपर के पहिए में दबे हुए थे। उन्हें बचाने के लिए क्षेत्र के रहवासी आगे आए। 60 से ज्यादा रहवासियों ने डंपर को उठाया। इसके लिए जैक की मदद भी ली गई और पहिये के नीचे से घायलों को बाहर निकाला,लेकिन, दंपति की हालत गंभीर बनी हुई है। घनी बसाहट वाले क्षेत्र में निगम के डंपर की आवाजाही से लोगों में नाराजगी भी है। उनका कहना है पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं।
ये खबर भी पढ़ें: आईआईटी इंदौर में पेड़ों की कटाई पर बढ़ा विवाद, प्रबंधन और प्रोफेसर आमने-सामने
घटना रविवार दोपहर की है। एक्टिवा पर सवार दंपति सुभाष चौक से रामबाग की तरफ जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों दंपति डंपर के पहिये में एक्टिवा सहित फंस गए। हादसे के बाद डंपर को लोगों ने घेर लिया। पिटाई के डर से डंपर चालक भाग गया। लोगों ने देखा कि पहिए में फंसे दंपति जिंदा है, लेकिन क्रेन बुलाने तक उनकी हालत बिगड़ सकती है। जेसीबी से भी डंपर को उठाने की कोशिश की गई, लेकिन डंपर नहीं उठा।
इसके बाद मौजूद रहवासियों ने तय किया कि वे डंपर को एक तरफ से उठाकर घायलों को पहिए के नीचे से निकालेंगे। अन्य रहवासी भी जुट गए और डंपर को एक तरफ से दो फीट तक उठाने में सफल रहे। इसमें जैक की मदद भी ली गई। कुछ लोगों ने घायल दंपति को निकाला। तब तक वहां एक वाहन को रोका लिया गया और घायलों को पास के अस्पताल में पहुंचाया। मौके पर कुछ देर बाद पुलिस पहुंची, तब तक घायल अस्पताल पहुंच गए थे। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है।