इंदौर में बस ने चार लोगों को टक्कर मार दी।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार दोपहर शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा पर प्रधानमंत्री बस सेवा की एक इलेक्ट्रिक बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित बस ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो गंभीर हैं। बेकाबू बस एक दुकान के बाहर लगे काउंटर से टकराने के बाद रूकी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने बस चालक धनराज गंगले को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा रविवार दोपहर ढाई बजे के करीब हुआ। राजवाड़ा के सामने स्थित सिटी बस स्टैंड पर आ रही इस बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए और वह बेकाबू हो गई। बस सड़क पर दूसरे वाहन का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को रौंदते हुए आगे बढ़ गई और एक वाहन सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद भी बस नहीं रुकी और एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में राधेश्याम पिता सीतराम भाटी निवासी चाणक्यपुरी, जितेंद्र पिता बाबूलाल शर्मा व दो अन्य घायल हुए हैं। इनमें से 36 साल के युवक गणेश उर्फ पिंटू पिता केशव की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें गोरकर बंधुओं के दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली
नारियल काउंटर से नहीं रूकती तो दुकान में घुस जाती बस
सिटी बस लोगों को टक्कर मारते हुए एक सामने स्थित पूजन सामग्री की दुकान की तरफ बढ़ रही थी। दुकानदार ने बताया कि बस को दुकान की तरफ आते देख हम डर गए और काउंटर से भाग खड़े हुए। दुकान के बाहर नारियल का काउंटर रखा था और ग्राहकों की गाड़ियां खड़ी थीं। बस काउंटर से टकराकर रुक गई, वरना कई अन्य लोग उसकी चपेट में आ जाते। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा देख लोगों ने बस पर पथराव कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
हादसे का रौंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें घटनास्थल पर कुछ लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। पास में एक ऑटो रिक्शा भी खड़ा है। इसी दौरान तेज रफ्तार में बस आती है और चार लोगों को अपनी चपेट में ले लेती है। बस की टक्कर से ऑटो ड्राइवर नीचे गिरता दिखाई देता है। फुटेज में उसके सिर, मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आती है। वहीं, दो लोग बस के सामने की तरफ से टकराकर गिरते दिखाई देते हैं, जबकि दो लोग बस के पिछले टायरों की चपेट में आते हैं। टायर उनके ऊपर से गुजरते दिखाई देते हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है।