पत्नी की आत्महत्या के मामले में पति सहित दस पर केस।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर के कनाडिया क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है।27 वर्षीय नेहा मालवीय ने घरेलू हिंसा और पति के अफेयर से परेशान होकर जहर खा लिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नेहा के परिजनों ने पति राहुल अग्रवाल, उसकी प्रेमिका वर्षा सोलंकी, ननंद और नंदोई समेत कई रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेहा की मां सुनीता सिसोदिया ने शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में पति राहुल अग्रवाल निवासी, प्रेमिका वर्षा सोलंकी निवासी ग्राम टीही (महू), करुणा निवासी ग्राम रनायल (देवास), निशा व ज्योति निवासी मूसाखेड़ी, जितेन्द्र निवासी ग्राम रनायल, अरुण, नंदराम, गोलू और छोटू अग्रवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
नेहा मालवीय ने राहुल अग्रवाल से प्रेम विवाह किया था। शादी के एक साल बाद से ही राहुल ने नेहा के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे धमकी देता था कि वह नेहा को घर से निकाल देगा और अपनी प्रेमिका वर्षा सोलंकी को घर ले आएगा।
नेहा ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने पति राहुल अग्रवाल और उसकी प्रेमिका वर्षा सोलंकी सहित कई लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। इसके अलावा, नेहा के मोबाइल से एक वीडियो भी मिला है, जिसमें पति द्वारा मारपीट करते हुए देखा गया है।कनाडिया पुलिस ने नेहा की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।