फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore: 50 साल बाद इंदौर की पश्चिमी रिंग रोड बनने का आया मुहूर्त, 200 से घटकर 60 फीट रह गई चौड़ाई

सार

200 फीट चौड़ाई के हिसाब से सड़क बनाने के लिए चार साल पहले सर्वे किया गया था। तब 600 से ज्यादा निर्माण चौड़ाई की जद में आ रहे थे और मकानों के हिस्से भी ज्यादा टूट रहे थे। अब 60 फीट चौड़ाई के हिसाब से 200 से ज्यादा मकान बाधक बने हैं। 
विज्ञापन
चंदन नगर रिंग रोड। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर के ट्रैफिक को सुचारू रूप देने की अहम कड़ी रिंग रोड है। ये पूरी नहीं बन पाने के कारण 50 वर्षों में न जाने कितने हादसे हुए, कितने लोग मौत के मुंह में समा गए। बाहरी रिंग रोड नहीं बन पाने के कारण शहर के बीच स्थित बड़ा गणपति से वर्षों तक ट्रक व अन्य भारी वाहन गुजरते रहे। अब इंदौर नगर निगम ने अधूरी चंदन नगर रिंग रोड बनाने की तैयारी की है, हालांकि, इसमें भी चौड़ाई को लेकर निगम को समझौता करना पड़ा। मास्टर प्लान में चार किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई 200 फीट है, लेकिन इसे अब सिर्फ 60 फीट चौड़ा बनाया जा रहा है। इसके लिए दावे-आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। सुनवाई के बाद आपत्तियों का निराकरण भी कर दिया गया। अब सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

विज्ञापन

विरोध के कारण नहीं बन पाई सड़क

पश्चिमी रिंग रोड बनाने के लिए समय-समय पर प्रयास हुए, लेकिन क्षेत्र के रहवासियों के भारी विरोध के कारण विभागों को कदम पीछे खींचना पड़े। वर्ष 2010 में इंदौर विकास प्राधिकरण ने इसे बनाने की पूरी तैयारी कर ली थी। प्रभावितों को स्कीम-136 में प्लाॅट तक आवंटित कर दिए गए थे। निर्माण के लिए टेंडर भी जारी हो गए, लेकिन फिर भोपाल से इस सड़क के निर्माण की अनुमति ही नहीं मिल पाई। इस बीच प्राधिकरण का राजनीतिक बोर्ड भंग हो गया और सड़क नहीं बन पाई। चार साल पहले फिर इसके लिए सर्वे हुए था, लेकिन सड़क फिर भी नहीं बन पाई।

विज्ञापन

चंदन नगर रिंग रोड। - फोटो : अमर उजाला

ट्रैफिक समस्या दूर होगी

चंदननगर क्षेत्र के मोहम्मद इकबाल कुरैशी ने कहा कि यह सड़क 60 फीट चौड़ी बनना चाहिए। यह सड़क महू सैन्य क्षेत्र और बीएसएफ परिसर को भी जोड़ती है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से ट्रैफिक की समस्या दूर होगी।

क्षेत्र के दुकानदार मोहम्मद शादाब हुसैन ने कहा कि बचपन से मैं अपने परिजनों से चंदन नगर सड़क बनने के बारे में सुनता आ रहा हूं। अब नगर निगम ने फिर इसे बनाने का फैसला लिया है। चौड़ी सड़क बनने से मार्केट भी विकसित होगा। अभी तो लोग हादसे के भय के कारण इस मार्ग से निकलने से बचते हैं। सड़क बनने से इस शहर का भी विकास होगा।

 

200 से ज्यादा बाधक हिस्से

200 फीट चौड़ाई के हिसाब से सड़क बनाने के लिए चार साल पहले सर्वे किया गया था। तब 600 से ज्यादा निर्माण चौड़ाई की जद में आ रहे थे और मकानों के हिस्से भी ज्यादा टूट रहे थे। अब 60 फीट चौड़ाई के हिसाब से 200 से ज्यादा मकान बाधक बने हैं। ज्यादातर आंशिक तौर पर टूटेंगे, लेकिन ज्यादातर रहवासी 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने का भी विरोध कर रहे हैं।

 

इसलिए इस सड़क का बनना जरूरी

  • इंदौर की आउटर रिंग कभी नहीं बन पाई है। रिंग रोड पिपलिया कुमार चौराहा से धार रोड तक 20 किलोमीटर लंबा बन चुका है, लेकिन धार रोड से चंदन नगर होते हुए एयरपोर्ट रोड तक नहीं जुड़ पाया।
  •  रिंग रोड अधूरी होने के कारण बड़ा गणपति मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है।
  • भारी वाहन भी रिंग रोड नहीं होने के कारण एयरपोर्ट रोड पर आते हैं। पिछले दिनों इस कारण एक बड़ा हादसा भी हो चुका है। इसमें चार लोगों की मौत और पंद्रह से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
  • इस रिंग रोड के बनने से एयरपोर्ट रोड सीधे धार रोड से जुड़ जाएगा। नगर निगम चंदन नगर से सिरपुर तक एक ब्रिज भी बना रहा है।
 

जल्दी शुरू होगा सड़क निर्माण

नगर निगम 60 फीट चौड़ी यह सड़क बना रहा है। इसके लिए दावे आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। उनका निराकरण भी किया जा चुका है। जल्दी ही बाधक हिस्से हटाए जाएंगे। इसके बाद सड़क निर्माण शुरू होगा।

-पुष्य मित्र भार्गव, मेयर इंदौर नगर निगम

 

सड़क कम चौड़ी होने से ज्यादा फायदा नहीं होगा

50 साल से शहर की रिंग का अधूरा रहना जिम्मेदार विभागों की लापरवाही है। वर्ष 1975 में जब पहले मास्टर प्लान में रिंग रोड प्रस्तावित कर दी गई थी तो फिर अफसरों की जिम्मेदारी थी कि सड़क का सीमांकन कर अतिक्रमण न होने दें, लेकिन सड़क पर ही अवैध चंदन नगर बसा दिया गया। अब कम चौड़ाई में सड़क बनाने से ज्यादा फायदा नहीं होगा।- जयवंत होलकर, मास्टर प्लान विशेषज्ञ

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें