मेट्रो का ट्रायल रन अब अक्टूबर माह में होगा।
- फोटो : amar ujala digital
मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन 15 सितंबर को होना था, लेकिन 10 दिन बीतने के बावजूद अभी ट्रायल रन की तिथि तय नहीं हो पाई है। अब अगले माह यह हो सकता है, क्योंकि इंदौर में स्मार्ट सिटी कॉन्फ्रेस, गणेश विसर्जन चल समारोह जैसे बड़े आयोजन हैं। इसके अलावा चुनावी अभियानों की व्यस्तता के कारण मुख्यमंत्री को भी समय नहीं मिल पा रहा है। सरकार चाहती है कि मेट्रो के ट्रायल रन के दौरान बड़ा कार्यक्रम हो और शहर के लोग भी उसमें शामिल हो सके।
मेट्रो के प्राॅयरिटी काॅरिडोर का काम पूरा हो चुका है। मेट्रो के सेफ्टी रन के दौरान कोच पहले स्टेशन तक का सफर तय कर चुके हैं। बारिश के कारण मेट्रो स्टेशनों पर एस्केलेटर लगाने का काम प्रभावित हुआ था, लेकिन मौसम खुलने के बाद वे काम भी पूरे हो चुके हैं।
20 सेफ्टी रन किए
अब स्टेशनों के रंग-रोगन का काम चल रहा है। अफसरों ने बताया कि सेफ्टी रन भी दस दिनों में 20 से ज्यादा बार लिए जा चुके हैं। अब ट्रायल रन के लिए मेट्रो ट्रेन कार्पोरेशन पूरी तरह तैयार है।
आचार संहिता लगाने से पहले होगा समारोह
मेट्रो के संचालन में डेढ़ से दो साल का समय लग सकता है। अगले साल सितंबर माह में गांधी नगर से रेडिसन होटल तक 17 किलो मीटर तक के हिस्से में ट्रायल रन किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के लिए जल्दी ही आचार संहित लगाने वाली है। सरकार उससे पहले पांच किलोमीटर हिस्से में मेट्रो का ट्रायल रन कराना चाहती है। अक्तूबर के पहले सप्ताह में इंदौर में इसके लिए बड़ा समारोह हो सकता है। तब शहर के नागरिक इंदौर के लिए आए कोचों को भीतर से भी देख सकेंगे।