बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात से आ रही नमी का असर इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में नजर आ रहा है। बुधवार को बादलों ने डेरा डाला और मौसम में थोड़ी ठंडक खुल गई। बारिश की हल्की फुहारों ने भी आमद दी। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया।
20 दिनों के बाद इंदौर शहर में फिर बारिश का दौर देखा। दोपहर के बाद पहले तेज हवाएं चली, फिर मोटी-मोटी बूंदे बरसने लगी। 15 मिनट तक एक जैसी बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी, हालांकि शाम को फिर उमस से लोग परेशान हो गए। अगस्त में इंदौर में तीन इंच से भी कम बारिश हुई थी। इंदौर में अब तक 25 इंच बारिश हो चुकी है।
बारिश की लंबी खेंच के कारण फसलें खराब हो रही थी।। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक आसपास में बादल छाए रहेंगे। हल्की मध्यम बारिश भी इस दौरान हो सकती है। जिन हिस्सों में बारिश हुई, वहां किसानों ने राहत की सांस ली।
मौसम में हुए बदलाव के कारण तापमान तो कम हुआ। दिन का तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का तापमान 22.3 डिग्री रहा। हवाएं की रफ्तार भी सामान्य दिनों से ज्यादा रही। मौसम वैज्ञानिक ममता यादव के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे मालवा और निमाड़ के हिस्से को नमी मिल रही है। खंडवा इंदौर के आसपास तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। बादल भी दो-तीन दिन तक छाए रहेंगे।
फसलों के लिए बूंदा-बादी भी टाॅनिक साबित होगी
प्रदेश के कई जिले सूखे की मार झेल रहे है। बारिश नहीं होने से फसल सूखने के कंगार पर थी और कीटों ने भी फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया था। फिर से बारिश का दौर शुरू होने के कारण किसानों को फसलों का नुकसान होने से बच जाएगा। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मध्यम और हल्की बूंदाबांदी भी फसलों के लिए टाॅनिक के समान है। भोपाल और निमाड़ के कुछ हिस्सों में बारिश से किसानों को राहत महसूस हुई है।