किसी भी फील्ड में आप तभी सफल होते हैं जब आप उस काम को एन्जॉय करते हैं। मैं अपने हर किरदार को एन्जॉय करती हूं। अभिनय मेरे लिए सिर्फ एक जॉब या काम नहीं बल्कि जीने का तरीका है। यह बात भाविका चौधरी ने कही जो इंदौर में अपने नए टीवी सीरियल मैत्री को प्रमोट करने पहुंचीं थी। उन्होंने कहा कि यंगस्टर्स को इस बात को अच्छे से समझना चाहिए की उसी फील्ड में आपको सफलता मिलेगी जिसमें आप काम करना पसंद करते हैं। चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं आप इसलिए झेल जाएंगे क्योंकि आपको उस फील्ड में काम करना पसंद है। भाविका ने कहा कि इंदौर आकर उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि क्यों इस शहर की इतनी तारीफ होती है। यहां का खानपान, स्वच्छता समेत कई बातें निराली हैं।
भाविका ने कहा मैं अपने किरदार के हर हिस्से को एंजॉय कर रही हूं और हर दिन इसकी शूटिंग करना बड़ा मजेदार होता है। टीवी सीरियल के साथी श्रेनु और मैं रियल लाइफ में भी बहुत अच्छे दोस्त बन गए हैं और वो जितनी अनुभवी एक्टर हैं, उससे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। आज मैं अपने नए शो मैत्री को प्रमोट करने और दर्शकों का प्यार और आशीर्वाद लेने के लिए भारत के सबसे साफ-सुथरे शहर इंदौर में आई हूं। इस खूबसूरत शहर में यह मेरी पहली यात्रा है और मैं यकीनन यहां शॉपिंग करूंगी और इस शहर के स्वाद का लुत्फ उठाने के लिए मशहूर स्ट्रीट फूड डेस्टिनेशन छप्पन दुकान भी जाऊंगी।
प्रयागराज की पृष्ठभूमि में रचा-बसा यह शो मैत्री (श्रेनु पारिख) और नंदिनी (भाविका चौधरी) का सफर दिखाता है, जहां दोनों एक दूसरे को दिल से बहन मानती हैं। बचपन से ही इन दोनों पक्की सहेलियों के बीच एक अटूट रिश्ता रहा है, मगर यूं लगता है जैसे उनकी दोस्ती को लेकर जिंदगी ने कुछ और ही सोच रखा है। आज किस्मत के एक अजीब मोड़ पर दोनों एक दूसरे के आमने-सामने हैं। आखिर इन दोनों पक्की सहेलियों के बीच ऐसा क्या हुआ कि आज वो एक दूसरे के खिलाफ हो गई हैं? इसकी लीड एक्ट्रेस भाविका चौधरी आज इंदौर पहुंचीं। शो हर रोज शाम 7 बजे जी टीवी पर प्रसारित किया जा रहा है।
इस शो में भाविका चौधरी नंदिनी का रोल निभा रही हैं, जो मैत्री की बचपन की पक्की दोस्त है। नंदिनी एक ग्लैमरस लडक़ी है, जो जहां भी जाती है, लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। जब वो छोटी थी, तभी उसके मां-बाप अलग हो गए थे, जिसके चलते आज वो स्वभाव से एक जिद्दी लडक़ी बन गई है, जो साफ बोलना पसंद करती है। मैत्री और नंदिनी को यकीन है कि उनकी इस दोस्ती को कोई नहीं तोड़ सकता, लेकिन जब नंदिनी और आशीष के कहने पर मैत्री आशीष के भाई सारांश से शादी कर लेती है, तो इसके बाद मैत्री के हालात पूरी तरह बदल जाते हैं। शादी के एक हफ्ते में ही मैत्री को पता चलता है कि सारांश एक ड्रग एडिक्ट है। उसे लगता है कि उसके दो बेस्ट फ्रेंड्स ने सबकुछ जानते हुए भी यह बात उससे छिपाई!
सारांश न सिर्फ एक ड्रग एडिक्ट है, बल्कि वो शराब के नशे में अपनी जान जोखिम में डालते हुए एक बड़ी कार दुर्घटना कर बैठता है। मैत्री को लगता है कि उसके सबसे करीबी दोस्तों ने उसके साथ विश्वासघात किया है क्योंकि वे उसे सारांश के बारे में पहले ही आगाह कर सकते थे। ऐसे में मैत्री अपना सबसे बड़ा अरमान और जिंदगी का ख्वाब टूटने पर उन दोनों को ही जिम्मेदार मानती है, क्योंकि हर लडक़ी को यह ख्वाब देखने और उसे पूरे करने का अधिकार होता है। अब जबकि मैत्री, सारांश का सच और अपनी जिंदगी बदल देने वाले इस एक्सीडेंट के बारे में जान चुकी है, तो ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे इन तीनों की अटूट दोस्ती कौन-सा नया मोड़ लेगी! इस शो में नमिश तनेजा, श्रेनु पारिख, जान खान और अनन्या खरे जैसे शानदार कलाकारों के अलावा अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं।