चाकू दिखाकर ड्राइवर को धमकाया, पुलिस ने माफी मंगवाई,
- फोटो : अमर उजाला
गुंडों से निपटने के गुर इंदौर पुलिस से बेहतर कोई नहीं सीखा सकता। एक सिटी बस ड्राइवर को चाकू से धमकाने वाले गुंडे को पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया कि यह मिसाल बन गया है। गुंडे ने न केवल बस ड्राइवर और कंडक्टर से माफी मांगी, बल्कि सिटी बस की साफ-सफाई भी की। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों से कान पकड़वाए और जुलूस निकाला।
मामला चार दिन पुराना है। सिटी बस के ड्राइवर और कंडक्टर को दो बदमाश चाकू दिखाकर धमका रहे हैं, ऐसा वीडियो सामने आया था। एक बदमाश ने तो ड्राइवर के गले पर चाकू अड़ा दिया था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर शिनाख्त की और बदमाशों को पकड़ा। पुलिस ने सिटी बस में गुंडागर्दी, रंगबाजी दिखाने की शिकायतें मिल रही थी। पुलिस ने मंगलवार रात को दोनों बदमाशों को पकड़ा। कान पकड़वाए और पैदल जुलूस निकलवाया। जिस बस में दोनों रंगबाजी दिखा रहे थे, उसी बस में उनसे साफ-सफाई करवाई गई। ड्राइवर के पैरों में गिरकर उन्होंने माफी भी मांगी।
खजराना पुलिस थाना के टीआई दिनेश वर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों का नाम अंकित और अतुल है। दोनों नशा करते हैं और किराये पर यात्री वाहन चलाते हैं। सवारी को लेकर अक्सर सिटी बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को धमकाने की शिकायतें आ रही थी। कनाड़िया और तिलकनगर इलाके में भी उनके खिलाफ शिकायतें मिली थी। दोनों पर कई केस भी दर्ज हैं। पुलिस से बचने के लिए अंकित ने भागने की कोशिश की, तब वह मुंह के बल गिरा और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। दोनों का जब जुलूस निकाला जा रहा था, तब उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगी। अपराध न करने की कसम भी खाई।