इंदौर के बिजासन मंदिर पर खिंचड़ी प्रसादी बांटी जा रही है।
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित मां बिजासन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तों की सेवा के लिए शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन जुटे हुए हैं। इसी क्रम में संस्था राजवंश की ओर से एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पास सप्तमी, अष्टमी और नवमी तक श्रद्धालुओं को निशुल्क साबूदाना खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया जा रहा है।
संस्था राजवंश के अध्यक्ष दीपम शुक्ला के अनुसार, संस्था पिछले कई वर्षों से नवरात्रि के दौरान प्रसाद वितरण का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी आयोजन जारी है। उनका दावा है कि सप्तमी और अष्टमी के दो दिनों में करीब 25 हजार किलोग्राम से अधिक साबूदाना खिचड़ी का वितरण किया जा चुका है। नवमी पर भी हजारों किलोग्राम खिचड़ी तैयार कर श्रद्धालुओं को वितरित करने की योजना है।
ये भी पढ़ें-
हादसे की एक और कहानी: 15 लोगों की जान लेने वाला ट्रक गूगल मैप से देख रहा था रास्ता, चालक और मालिक गिरफ्तार
तीन दिनों में 50 हजार किलो प्रसाद वितरण का लक्ष्य
संस्था का अनुमान है कि तीन दिनों में कुल 50 हजार किलोग्राम साबूदाना खिचड़ी का वितरण किया जाएगा। इसी उपलब्धि को दर्ज कराने के लिए संस्था के पदाधिकारी वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम से संपर्क कर आवेदन करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, रिकॉर्ड में शामिल किए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि आमतौर पर सामाजिक संगठनों की ओर से कुछ घंटों या एक-दो दिनों तक प्रसाद वितरण किया जाता है, जबकि राजवंश संस्था की ओर से तीन दिनों तक लगातार श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा आयोजित की जा रही है।
जनप्रतिनिधि भी पहुंच रहे सेवा आयोजन में
मां बिजासन मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने के इस आयोजन में कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। इनमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। आयोजन के माध्यम से संस्था श्रद्धालुओं की सेवा और धार्मिक पर्व के दौरान सामाजिक सहभागिता का संदेश दे रही है।