मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रालय में मंत्री-परिषद की बैठक हुई। इसमें देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक प्रतिष्ठान को ग्राम कस्बा इंदौर में 1.215 हेक्टेयर भूमि का निःशुल्क आवंटन करने का निर्णय लिया गया। इस नि:शुल्क जमीन आवंटन पर पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
आने वाली पीढ़ी के लिए संस्कारों का मुख्य केंद्र होगा यह स्मारक
पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा कि हमने इसके लिए पुराने आरटीओ कार्यालय के पास की जमीन मांगी थी। अभी मेरे पास कागज नहीं आए हैं। कागज आने पर ही पता चलेगा कि कहां और कितनी जमीन मिली है। जमीन मिल गई यह बहुत बड़ा काम हो गया अब हमें स्मारक की योजना बनानी है। हम इस स्मारक को इस तरह का बनाएंगे कि उससे अहिल्या मां के जीवनभर के मूल्य और संस्कार प्रदर्शित हो सकें। उन्होंने अपने जीवन में जो भी काम किए हैं वह सब हम इस स्मारक में समेटने का प्रयास करेंगे। आने वाली पीढ़ी को यह स्मारक संस्कार और मूल्य देगा। मेरा सपना था कि मैं इसे बनवा पाऊं आज उसकी शुरुआत हो गई है।
स्मारक से इंदौर का गौरव दुनियाभर में बढ़ेगा
इस फैसले पर हम इंदौर की जनता की तरफ से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्व मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। मां देवी अहिल्याबाई होल्कर इंदौर का गौरव हैं। उनकी स्मृति में स्मारक बनने और प्रतिमा स्थापित होने से इंदौर का गौरव देश-विदेश में बढ़ेगा।