बाणगंगा थाना क्षेत्र में धर्म छिपाकर युवती से शादी करने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बाणगंगा क्षेत्र निवासी युवती कुछ समय पहले नौकरी के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी गई थी। वहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राहुल बताया। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में युवती इंदौर लौट आई। आरोप है कि युवक भी इंदौर आ गया और अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर युवती से विवाह कर लिया।
ये भी पढ़ें-
प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या
हकीकत पता चली तो पीटा
पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम राहुल नहीं, बल्कि मोहम्मद है। इस बात की जानकारी मिलने पर जब उसने युवक से सवाल किया तो उसने उसके साथ मारपीट की। साथ ही कथित रूप से धर्म परिवर्तन कर अपना धर्म अपनाने का दबाव भी बनाया।
शिकायत दर्ज कराई
इसके बाद युवती बाणगंगा थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन परिस्थितियों में अपनी पहचान छिपाई और क्या इस मामले से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इंदौर में इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है।