इंदौर में सड़क पर मामूली विवाद अब जानलेवा हमलों का कारण बनते जा रहे हैं। ताजा मामला ऑर्बिट मॉल के पास का है, जहां गाड़ी टकराने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रशांत खिलची किसी निजी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ऑर्बिट मॉल के पास स्थित एक वाइन शॉप के सामने उनकी गाड़ी टकराने की बात को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने धारदार चाकू निकालकर प्रशांत पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल प्रशांत को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पढे़ं: 100 साल की मां की देखभाल के आधार पर मांगी जमानत, गिरिबाला सिंह की याचिका पर सुनवाई आगे बढ़ी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी कुणाल उर्फ भीम, लोकेश, हिमेश, रितेश और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद गाड़ी टकराने की बात को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।