इंदौर क्राइम ब्रांच ने गांधीनगर इलाके में चल रहे सट्टे का पर्दाफाश किया है। बड़े पैमाने पर चल रहे इस नंबर के सट्टे में पुलिस ने दस आरोपियों को पकड़ा है। सट्टे में शामिल 30 से अधिक मोबाइल, 19 हजार से अधिक पर्चियां पकड़ाई हैं। आरोपियों द्वारा यह सट्टा मुंबई और प्रदेश के कई इलाकों से लिया जा रहा था। उन्हें फोन पर दूसरी जगह खेला भी जाता था। पुलिस को अब उन अन्य आरोपियों की तलाश जो कि शहर के बाहर से इस पूरे सट्टे को संचालित करते थे। हालांकि पूरे सट्टे कांड का मुख्य आरोपी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा मौके से फरार हो गया और उसका साथी कमल तेल भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस द्वारा दबिश के दौरान विशाल राठौर, देवी सिंह, राजेश मंडोरी, शाहिद खान, कन्हैयालाल राठौर, बेनी प्रसाद दिलीप तंवर, विकास परमार, जितेंद्र सेन, रमेश को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि गांधीनगर थाना क्षेत्र पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ आरोपी इलाके में रहकर अवैधानिक सट्टे का काम कर रहे हैं। जब छापा मारा तो पुलिस को सैकड़ों की संख्या में मोबाइल, केलकुलेटर और सट्टा पर्चियां मिलीं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मौके से मिले मोबाइल में खंगालेंगे सट्टा खेलने वालों की जानकारी
डीसीपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि छापे में जब्त सभी मोबाइल की डिटेल के साथ अब आरोपियों के बैंक खातों की डिटेल भी निकाली जा रही है। जहां इन बैंक खातों को जल्द ही सीज कराया जाएगा। वहीं, इन मोबाइल को जल्द साइबर शाखा में भेजकर इनमें आने वाले सभी मोबाइल की डिटेल के आधार पर आरोपी की संख्या और बढ़ सकती है।