आईआईटी कैंपस में बच्चों से मुलाकात करते मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहुंचे। उन्होंने आईआईटी परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों से बात की। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक आईआईटी इंदौर को बेंचमार्क स्थापित करने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए।
मंगलवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहुंचे थे। यहां आकर वे आईआईटी कैंपस स्थित केंद्रीय विद्यालय गए और निरीक्षण कर बच्चों से मुलाकात की। कहा कि बच्चों से मिलकर खुशी हुई। आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास जोशी और मंत्री के बीच कई मुद्दों पर चर्चा भी हुई। केंद्रीय मंत्री ने संस्थान की प्रगति की सराहना की और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बहु- विषयक शैक्षिक दृष्टिकोण को जारी रखने का आग्रह किया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार संस्थान का विकास और सुविधाएं जुटाए जाने के लिए उन्होंने प्रोफेसर्स से इसके लिए योजना बनाने की अपील की।
मंत्री प्रधान ने आईआईटी परिसर में हाल ही में तैयार हुए इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया। कॉम्प्लेक्स को 4257 वर्ग मीटर के क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसमें छह बैंडमिंटन कोर्ट, दो बास्केटबॉल कोर्ट, 580 की क्षमता वाली इंडोर गैलरी, जिम, तीन स्क्वैश कोर्ट और 288 क्षमता की व्यूइंग गैलरी के साथ ओलिंपिक आकार का स्विमिंग पूल है। दूसरे चरण के तहत आउटडोर वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट, एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल और हॉकी ग्राउंड का भी निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्निंग के अध्यक्ष, डीन और रजिस्ट्रार के साथ चर्चा कर संस्थान की उपलब्धियों, दृष्टि दस्तावेज, योजनाओं और बाधाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्हें संस्थान द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के बारे में बताया गया।
संस्थान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को सीखने के अनुभव को बढ़ाने की योजना के तहत अटल टिंकरिंग लैब और मेकर्स स्पेस की स्थापना की जाएगी। अधिकारियों ने पिरामिड के निचले हिस्से में लोगों के सामने आने वाली कठिनाइयों के समाधान के लिए उन्नत तकनीकों को अपनाने के लिए सामाजिक संपर्क कार्यक्रमों के बारे में भी केंद्रीय मंत्री को बताया। शोध के कार्यों को बढ़ाने के लिए संस्थान द्वारा ट्रांसलेशनल रिसर्च इकोसिस्टम स्थापित करने की बात भी बताई गई।