इंदौर में पुराने दोस्त ने दोस्ती का नाजायज फायदा उठाया और अपनी महिला मित्र को धोखा दिया। मिलने के बहाने वह महिला मित्र को कमरे पर ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके दो दोस्त भी वहां आए जिन्होंने महिला से दुष्कर्म किया। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक घटना 12 दिसंबर की है। आदर्श इंदिरा नगर निवासी 21 वर्षीय विवाहिता ने छत्रीपुरा थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम को परिजनों के साथ महिला थाने पहुंची और रिपोर्ट लिखाई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से आष्टा की रहने वाली है। करीब डेढ़ साल पहले इंदौर में उसकी शादी हुई है। वह आदर्श इंदिरा नगर में रहती है। रोहित तोमर से उसकी पुरानी दोस्ती है। वह आष्टा के पास रहता था और दोनों साथ में स्कूल में पढ़ते थे। इस कारण मोबाइल पर उससे बात होती थी।
12 दिसंबर को रोहित ने कॉल कर मिलने का बोला। उसने इंद्रानगर के पास मिलने बुलाया। महिला वहां पहुंची और रोहित से बातचीत की। इसी दौरान रोहित उसे मांगलिया ले गया जहां कमरा था। ऑटो में बैठकर दोनों मांगलिया गए। यहां कमरे में रोहित ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान रोहित के दो दोस्त भी आए। उन्होंने भी महिला से दुष्कर्म किया। बाद में महिला से कहा कि किसी को बताया तो जान से मार देंगे। इसके बाद उसे घर छोड़ आए। महिला ने यह बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दो दोस्तों के बारे में पुलिस पता लगा रही है।