चोरी की नीयत से घूम रहे दो बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए हैं। एक अन्य मामले में पुलिस ने घरों में काम करते समय चोरी करने के आरोपी पकड़े हैं। इनके पास से चोरी का सामान भी जब्त किया है।
तेजाजी नगर पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बड़ा पॉवर हाउस के गेट के अंदर खंडवा रोड इंदौर से आरोपी विनोद बारेला पिता कैलाश बारेला (18) निवासी ग्राम कांटाफोड़ जिला देवास हालमुकाम ब्लॉक फैक्टरी ग्राम माचला इंदौर तथा विकास कर्मा पिता जयकिशन कर्मा (18) निवासी ग्राम थूरिया थाना कन्नौद जिला देवास हालमुकाम ब्लॉक फैक्टरी ग्राम माचला इंदौर को चोरी की योजना को नाकाम करते हुए गिरफ्तार किया गया। तथा उनके कब्जे से चोरी करने का सामान लोहे की टामी, एक प्लायर, लोहे की आरी तथा एक दोपहिया वाहन क्रमांक MP 09 LE 0388 जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पूर्व में की गई वारदात और उसमें संलिप्त बदमाशों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।
घरों में काम करने के दौरान चुराती थी सामान
एक अन्य मामले में क्राइम ब्रांच और चंदन नगर थाना पुलिस ने चोरों व नकबजनों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम राहुल पिता मोतीराम चौहान निवासी ग्रीनपार्क कॉलोनी चंदन नगर इंदौर व एक महिला है। महिला आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह घरों में काम करतीं हैं। काम करने के दौरान मौका पाकर घरों से कीमती सामान चुराती थी। एमआईजी पुलिस ने राहुल उज्जैनी पिता कैलाश उज्जैनी निवासी रुस्तम का बगीचा इंदौर को पकड़ा। वह पार्किंग में खड़े लोगों के वाहनों से कीमती सामान चोरी करता था। इसी क्रम में लसूड़िया पुलिस ने मयंक राठौर पिता कैलाश चंद्र राठौर निवासी विदुर नगर द्वारकापुरी इंदौर को घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी ने चोरी की वारदात कुबूल की। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से नकबजनी एवं चोरी का सामान बरामद किया है। अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।