इस मल्टी में है पीड़ित दंपति का फ्लैट जिसका दिलवाया कब्जा।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर में बुजुर्ग और बेसहारा लोगों को प्रशासन मदद मुहैया करवा रहा है। गुरुवार को कैंसर पीड़ित दंपति को उनके फ्लैट का कब्जा दिलवाया। किराएदार ने सालों से उक्त फ्लैट का किराया नहीं दिया और फ्लैट पर कब्जा कर लिया था। प्रशासन की टीम गुरुवार को पहुंची और कार्रवाई की।
दरअसल पिछले सप्ताह कैंसर पीड़ित सीनियर सिटीजन दंपति कलेक्टर मनीष सिंह के पास पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि उनका लसूड़िया थाना स्थित गोल्डन पाम सोसायटी में फ्लैट है। यह फ्लैट इंदर प्रताप सिंह को किराए पर दिया था। कुछ दिन तक तो किराएदार ने ठीक व्यवहार किया लेकिन बाद में किराया देने में आनाकानी करने लगा। सालों से उसने किराया नहीं दिया है। फ्लैट पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
दंपति ने बताया था कि वे कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी आर्थिक और स्वास्थ्यगत स्थिति ठीक नहीं है। इस पर कलेक्टर सिंह ने एसडीएम अंशुल खरे को शिकायत पर विधिवत सुनवाई कर न्यायपूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम खरे ने जांच की तो पाया कि किराएदार इंदर प्रताप सिंह द्वारा न केवल फ्लैट पर अवैध कब्जा किया गया है बल्कि वृद्ध महिला एवं उनकी पुत्री के साथ कई बार किराया मांगने पर अभद्र व्यवहार भी किया है। इसके चलते गुरुवार को रेंट कंट्रोल एक्ट के तहत एसडीएम ने राजस्व, नगर निगम एवं पुलिस की टीम के साथ इंदर प्रताप सिंह द्वारा फ्लैट पर किए गए अवैध कब्जे को खाली करवाया और वृद्ध दंपति को उनके फ्लैट का कब्जा सौंपा। वृद्ध दंपति एवं उनकी पुत्री ने कलेक्टर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे काफी समय से फ्लैट पर किए गए कब्जे को हटाने के लिए परेशान हो रहे थे। किराएदार इंदर प्रताप सिंह द्वारा उन्हें डराया और धमकाया भी जा रहा था।