देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डा इंदौर
- फोटो : सोशल मीडिया
देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को इंदौर से नौ शहरों की 22 उड़ानें निरस्त की गई। हालांकि अब ये सवाल भी उठ रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर का असर कम हो रहा है और मरीजों की संख्या भी कम हो रही है। ऐसे में उड़ानों के निरस्त होने से यात्रियों की फजीहत हो रही है।
दरअसल कोरोना के भय के चलते उड़ानों पर असर हो रहा है। जनवरी माह से ही उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला चल रहा है। शनिवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। जानकारी के मुताबिक शनिवार को निरस्त उड़ानों में इंदौर से चेन्नई, जयपुर, जबलपुर, नागपुर, ग्वालियर, दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरु और हैदराबाद की जाने और आने वाली उड़ानें शामिल हैं। उड़ानों के निरस्त होने का सबसे बड़ा कारण यात्रियों की कमी को बताया जा रहा है, जिससे होने वाले घाटे से बचने के लिए एयरलाइंस उड़ानों को निरस्त कर रही हैं। इधर उड़ानों को रोज निरस्त होता देख यात्री भी बुकिंग करने से बच रहे हैं। दूसरी तरफ यात्रियों की कमी से परेशान विस्तारा एयरलाइंस ने पिछले दिनों 11 से 31 जनवरी के बीच अपनी सुबह की दिल्ली उड़ान को निरस्त कर दिया था। 1 फरवरी से यह फ्लाइट दोबारा शुरू की गई है, लेकिन यात्रियों की कमी को देख अब कंपनी ने रात की दिल्ली उड़ान को सप्ताह में तीन दिन निरस्त करने की घोषणा की है। अब ये उड़ान चार दिन बुध, शुक्र, शनि और रविवार को चलेगी। कंपनी ने इसकी बुकिंग बंद करते हुए सिस्टम से भी हटा दिया है तथा बुकिंग करवा चुके यात्रियों को रिफंड का विकल्प दे रही है।